कठुआ ,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर में कठुआ जिले के राजबाग में 27 मार्च से चल रहे एनकाउंटर में 3 आतंकी मारे गए हैं। गोलीबारी में सुरक्षाबलों के 3 जवान भी शहीद हुए हैं। ये जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के जवान हैं। कल ये जवान घायल हुए थे, कल देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शहीद जवानों में तारिक हुसैन, जसवंत सिंह, बलविंदर सिंह शामिल हैं। चौथे की जानकारी सामने नहीं आई है। घायलों को जम्मू मेडिकल कॉलेज (JMC) रेफर किया गया था। जम्मू-कश्मीर के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के इन जवानों को पेट में गोली लगी थी। DSP धीरज सिंह समेत 4 अन्य घायलों का इलाज उधमपुर में सेना के अस्पताल में चल रहा है।
सूत्रों के मुताबिक राजबाग के घाटी जुथाना इलाके के जखोले गांव में सुरक्षाबलों को करीब 9 आतंकवादियों के छिपे होने की खबर मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेरने के लिए जॉइंट ऑपरेशन शुरू किया। गोलीबारी में 7 जवान घायल हुए थे।
सूत्रों के मुताबिक ये आतंकी जैश-ए-मोहम्मद के प्रॉक्सी संगठन पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट से जुड़े हैं। शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों ने दोबारा सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया है। सेना, BSF, CRPF और SOG की जॉइंट टीम थर्मल इमेजिंग, ड्रोन, हेलिकॉप्टर, बुलेटप्रूफ वाहन और खोजी कुत्तों की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

DSP धीरज सिंह के साथ ये जवान आतंकियों की तलाश में गए थे। जहां एनकाउंटर में उन्हें गोली लग गई।
एनकाउंटर के दूसरे दिन की तस्वीरें…
कठुआ में एनकाउंटर के एक दिन बाद आज शुक्रवार को आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
जंगल वाले इलाके में छुपे हुए आंतकियों की तलाश करते सेना के जवान।
3 जवानों के शहीद होने के बाद एनकाउंटर वाले इलाके में आज सुबह जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
एनकाउंटर के पहले दिन की तस्वीरें…
गुरुवार को सूचना मिलने के बाद जुथाना इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन चलाया।
सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी।
घायल जवान को इलाज के लिए ले गए, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
23 मार्च से चल रहा है एंटी टेरेरिस्ट ऑपरेशन
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक 23 मार्च को हीरानगर सेक्टर में आतंकवादियों के एक ग्रुप को सुरक्षाबलों ने घेर लिया था, लेकिन वे भागने में कामयाब रहे। माना जा रहा है कि ये वही आतंकवादी हैं, जो सान्याल से निकलकर जखोले गांव के पास देखे गए।
यह गांव हीरानगर सेक्टर से लगभग 30 किमी दूर है। सुरक्षाबलों ने जानकारी मिलते ही उन्होंने इलाके को घेर लिया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान सेना के दो जवान भी घायल हुए हैं, जिन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आतंकियों ने एक परिवार को बंधक बनाया, लेकिन वे बच निकले
23 मार्च को कठुआ के हीरानगर सेक्टर में सुरक्षाबलों ने आतंकियों के एक ग्रुप को घेर लिया था। उस दिन आतंकियों ने एक बच्ची और उसके माता-पिता को पकड़ लिया था। मौका मिलने पर तीनों आतंकियों के चंगुल से भाग निकले थे। इस दौरान बच्ची की मामूली चोटें आई थीं। उन्होंने ही आतंकियों के छिपे होने की सूचना पुलिस को दी थी। महिला ने बताया था कि उसने पांच आतंकियों को देखा था। सभी ने दाढ़ी बढ़ा रखी थी और वे कमांडो की वर्दी पहने हुए थे।
मुठभेड़ में घायल जम्मू-कश्मीर पुलिस के SDPO बॉर्डर धीरज कटोच को GMC कठुआ में भर्ती कराया गया।
जम्मू कश्मीर में हाल ही में हुई आतंकी घटनाएं….
16 फरवरी: जम्मू-कश्मीर में LoC पर स्नाइपर फायरिंग, एक भारतीय जवान घायल जम्मू-कश्मीर में LoC पर 16 फरवरी को पुंछ सेक्टर में स्नाइपर फायरिंग हुई जहां एक भारतीय जवान घायल हो गया। इस घटना के बाद भारतीय और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच कुछ देर तक गोलीबारी भी हुई।
13 फरवरी: पाकिस्तान की ओर से फायरिंग की खबर, सेना ने खंडन किया
13 फरवरी को पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में गोलीबारी की खबर आई थी। सोशल मीडिया पर भी पाकिस्तानी अधिकारियों का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे अपने सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए दिखाई दिए थे। कुछ रिपोर्ट्स में 6 लोगों के मारे जाने की बात कही गई। हालांकि, भारतीय सेना ने कहा था कि पाकिस्तान बॉर्डर पर युद्धविराम लागू है।
11 फरवरी: LoC के पास IED ब्लास्ट, 2 जवान शहीद, एक घायल
जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में LoC के पास लालोली इलाके में IED ब्लास्ट हुआ। इसमें सेना के दो सैनिक शहीद हो गए थे।यह धमाका 11 फरवरी को करीब 3:50 बजे भट्टल इलाके में हुआ, जब सेना के जवान गश्त पर थे। सेना से जुड़े सूत्रों ने दावा किया था कि शहीद हुए फौजियों के नाम कैप्टन केएस बख्शी और मुकेश थे।
