DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ग्राम पंचायत सचिवों की हड़ताल का आठवां दिन: प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे पाली


0 हमारी हड़ताल मोदी की गारंटी याद दिलाने के लिए, हम अपनी आवाज मोदी तक पहुंचाएंगे-उपेन्द्र पैकरा
कोरबा/पाली। पूरे छत्तीसगढ़ में इन दिनों ग्राम पंचायत सचिवों की हड़ताल गत 08 दिनों से लगातार जारी है। आठवें दिन 24 मार्च को पंचायत सचिव संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र पैकरा सचिवों का हौसला बढ़ाने पाली पहुंचे और धरना स्थल जनपद पंचायत पाली में सचिवों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी हड़ताल मोदी की गारंटी को याद दिलाने के लिए है और हम अपनी आवाज एवं अपनी मांगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि 30 मार्च को हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिलासपुर आ रहे हैं और हमारा प्रयास होगा कि हमारी एक मात्र मांग- जिसमें विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में भाजपा ने हमारी मांग-ग्राम पंचायत सचिवों का शासकीयकरण किया जाएगा, को प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे और इसमें हमारे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हमारे साथ हैं। यदि बिलासपुर में श्री मोदी के बिलासपुर आगमन पर हम अपनी आवाज उन तक नहीं पहुंचा पाए, तो दिल्ली तक हम कोशिश करेंगे और इस बार हम अपनी मांग पूरी होने तक हड़ताल में डटे रहेंगे।
कार्यक्रम को ब्लाक अध्यक्ष बिशोक सिंह सिदार, पूर्व प्रदेश महामंत्री सुनील जायसवाल सहित कई सदस्यों ने भी संबोधित किया। इसके पूर्व सचिव संघ पाली ने प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र पैकरा का स्वागत किया। सचिव संघ पाली ने एक स्वर में कहा- हम हटेंगे नहीं… मांग पूरी होने तक डटेंगे। धरना प्रदर्शन एवं हड़ताल में ब्लाक के सभी सदस्य सुबह से शाम तक शामिल हो रहे हैं।
ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप्प


प्रदेश भर में पंचायत सचिवों की हड़ताल से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य एवं नागरिकों की आवश्यक सेवाएं ठप्प पड़ गई हैं। त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव के बाद अभी अभी सरपंचों, पंचों, जनपदों एवं जिला पंचायतों में सदस्यों ने पदभार ग्रहण किया है और उसके बाद पंचायत सचिवों की हड़ताल प्रारंभ हो गई है। नए सरपंचों ने भी पदभार ग्रहण ही किया था, कि पंचायत सचिवों ने हड़ताल प्रारंभ कर दी। पिछली सरकार ने भी वादा किया था और इसके लिए समिति का गठन भी किया था, लेकिन पंचायतों सचिवों की मांग अब तक पूरी नहीं हो पायी। विष्णु के सुशासन में मोदी की गारंटी पूरी होने की गारंटी विष्णुदेव साय ने दी है और पंचायत सचिवों को उम्मीद है कि मोदी की गारंटी में हमारी मांग पूरी होगी और प्रदेश की सचिवों का शासकीयकरण होगा।
महासचिव सुनील जायसवाल की बहाली तय


करीब दो माह पूर्व प्रदेश सचिव संघ के महासचिव सुनील जायसवाल के खिलाफ साजिश के तहत कुछ लोगों द्वारा प्रदेश अध्यक्ष को शिकायत की गई थी, जिस पर सुनील जायसवाल को महासचिव पद से हटा दिया गया था। पाली प्रवास पर आए प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र पैकरा ने संकेत दिया है कि सुनील जायसवाल की बहाली कर दी जाएगी। संवित साहू की भी बहाली तय है।

Exit mobile version