DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

छत्तीसगढ़ में दो मुठभेड़, 30 नक्सली मारे गए:बीजापुर में 26, कांकेर में 4 शव मिले; शव-हथियार बरामद, फायरिंग जारी

जगदलपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में गुरुवार सुबह से जारी दो मुठभेड़ में 30 नक्सली मारे गए हैं। पहली मुठभेड़ बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर और दूसरी कांकेर-नारायणपुर सीमा पर हुई।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीजापुर में 26 और कांकेर में 4 नक्सली मारे गए। बीजापुर की मुठभेड़ में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) का एक जवान शहीद हो गया है।

बस्तर IG सुंदरराज पी. ने बताया कि गुरुवार दोपहर तक दोनों तरफ से फायरिंग जारी थी। घटनास्थल से नक्सलियों के शव और कई ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए हैं।

इधर, तीसरी घटना में नारायणपुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर स्थित थुलथुली इलाके में IED ब्लास्ट की चपेट में आने से दो जवान जख्मी हो गए। दोनों की हालत खतरे से बाहर है।

दंतेवाड़ा के पास एंड्री इलाके में एक दिन पहले पहुंची थी फोर्स

पुलिस को गंगालूर इलाके में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। इसके बाद दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन लॉन्च किया। फोर्स एक दिन पहले एंड्री इलाके में पहुंच गई थी। गुरुवार की सुबह यहां मुठभेड़ हुई। बीजापुर SP जितेंद्र यादव और दंतेवाड़ा SP गौरव राय ने जानकारी दी है कि मुठभेड़ अभी भी जारी है।

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर 31 नक्सली मारे थे

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर 1 महीने पहले 9 फरवरी को 1000 से ज्यादा जवानों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया था। सभी के शव रिकवर कर लिए गए थे। मुठभेड़ बीजापुर के इंद्रावती नेशनल पार्क इलाके में हुई थी। इस मुठभेड़ में DRG और STF के एक-एक जवान भी शहीद हुए थे।

Exit mobile version