बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को उजागर करने में सहायक समर कैम्प – अग्रवाल
कोरबा। ग्राम खरहरकुड़ा मड़वारानी में स्थित सीबीएसई मान्यता प्राप्त विद्यालय नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी दिनांक 17 मार्च 2025 से 22 मार्च 2025 तक छ: दिवसीय समर कैम्प का आयोजन किया गया। विद्यालय द्वारा आयोजित समर कैम्प में विद्यालय एवं आसपास के अन्य लगभग 300 बच्चे शामिल हुए। उक्त समर कैम्प में बच्चों ने नृत्यकला, चित्रकला, मूर्ति कला, हस्तकला, वेस्टर्न नृत्य, आर्ट एंड क्राफ्ट, स्टोन पेंटिंग, ओरिगेमि, फायरलेस कुकिंग, ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, किक बॉक्सिंग, वेस्ट आउट ऑफ बेस्ट, साइंस एंड फन, कंसंट्रेशन गेम, टीम बिल्ड एक्टिविटी, सुडोकू, मेमोरी गेम वैदिक गणित, रीजनिंग मैथ्स, साइंस वर्कशॉप, मॉक इंटरव्यू आदि का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

दिनांक 22 मार्च 2025 को नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल परिसर में उक्त समर कैम्प का समापन समारोह विद्यालय के चेयरमेन पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में एवं विद्यालय के प्राचार्य दीपक जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न कराया गया। विद्यालय के चेयरमेन पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुये कहा कि हर बच्चे में कोई ना कोई कला होती है। समर कैम्प में विभिन्न प्रशिक्षण से बच्चों के भीतर की अद्वितीय कला को निखारने का अवसर मिलता है। इस पर विद्यालय के प्राचार्य दीपक जायसवाल ने सभी बच्चों को शुभकामनाएॅ देते हुये प्रतिभागी बच्चों को विद्यालय की ओर से सर्टिफिकेट प्रदान किया। उक्त समर कैम्प में विद्यालय के एचओडी थॉमस फेलिक्स, श्रीमती मनोरमा शर्मा,सुभाषचन्द्र अनंत एवं अन्य शिक्षकगण व अभिभावक गण उपस्थित थे।
