बिलासपुर,एजेंसी। रेलवे ने 6 पैसेंजर ट्रेनों को फिर से बहाल कर दिया है। 19 मार्च यानी आज इन्हें रद्द किया गया था। इन ट्रेनों में बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर, रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर, बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर, गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर शामिल हैं। वहीं बीच में समाप्त होने वाली झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर और गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर को भी बहाल किया गया है।
झारसुगुड़ा से चलने वाली 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर को आज बिलासपुर में ही समाप्त होनी थी, लेकिन अब यह ट्रेन गोंदिया तक जाएगी। वहीं 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर को गोंदिया की जगह बिलासपुर से ही झारसुगुड़ा के लिए रवाना होनी थी। अब यह गोंदिया से ही चलेगी। इससे पहले रेलवे ने छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 36 ट्रेनों को कैंसिल किया था। हावड़ा रूट की ये गाड़ियां 11 से 24 अप्रैल तक नहीं चलेंगी।
बैकुंठ-सिलियारी सेक्शन में गर्डर लॉन्चिंग
छत्तीसगढ़ में रेलवे ने 19 मार्च से 6 पैसेंजर ट्रेनों को कैंसिल किया था। अब रेल यात्रियों की सुविधा के लिए बुधवार के लिए तय समय से ये गाड़ियां चलाई जाएंगी। इससे ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
रायपुर मंडल के बैकुंठ-सिलियारी सेक्शन में रिलीविंग गर्डर लॉन्चिंग के लिए ट्रैफिक कम पावर ब्लॉक लेकर काम किया जा रहा है। 19 मार्च को डाउन लाइन में 3 घंटे 30 मिनट का ब्लॉक लिया गया। इसकी वजह से कुछ ट्रेनों को कैंसिल करने का निर्णय लिया गया था।
इससे पहले छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 36 ट्रेनें कैंसिल की गईं
इससे पहले 36 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है, 44 दिनों तक 4 ट्रेनों का रूट बदला गया है। जबकि, 3 ट्रेनें आधे रास्ते में ही समाप्त हो जाएगी। बिलासपुर-झारसुगड़ा रूट पर चौथी लाइन के काम के चलते रेलवे ने यह आदेश जारी किया है। लेकिन, इससे यात्रियों को होने वाली दिक्कतों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे एमपी, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र और बिहार जाने वाले यात्रियों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।
डायवर्टेड रूट से चलने वाली गाड़ियां-
- 11 से 24 अप्रैल तक हावड़ा से चलने वाली 12810 हावड़ा-मुंबई मेल एक्सप्रेस परिवर्तित झारसुगुड़ा-टिटलागढ़-रायपुर होकर चलेगी।
- 11 से 24 अप्रैल तक मुंबई से चलने वाली 12809 मुंबई-हावड़ा मेल एक्सप्रेस परिवर्तित रायपुर-टिटलागढ़-झारसुगुड़ा होकर चलेगी।
- 11, 14, 15, 16, 18, 21, 22 और 23 अप्रैल को हावड़ा से चलने वाली 12262 हावड़ा-मुंबई दुरन्तो एक्सप्रेस परिवर्तित झारसुगुड़ा-टिटलागढ़-रायपुर होकर चलेगी।
- 13, 15, 16, 17, 20, 22, 23 और 24 अप्रैल को मुंबई से चलने वाली 12261मुंबई-हावड़ा दुरन्तो एक्सप्रेस परिवर्तित रायपुर-टिटलागढ़-झारसुगुड़ा होकर चलेगी।
बीच रास्ते समाप्त होने वाली गाड़ियां-
- 11 अप्रैल से 5 मई तक गोंदिया और झारसुगुड़ा से चलने वाली 68861/ 68862 गोंदिया-झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर स्पेशल बिलासपुर और झारसुगुड़ा के बीच रद्द रहेगी।
- 9, 10, 12, 14, 15, 16, 17, 19, 21 और 22 अप्रैल को हजरत निजामुद्दीन से चलने वाली 12410 निजामुद्दीन-रायगढ़ गोडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर और रायगढ़ के बीच रद्द रहेगी।
- 11, 12, 14, 16, 17, 18, 19, 21, 23 और 24 अप्रैल को रायगढ़ से चलने वाली 12409 रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस रायगढ़ और बिलासपुर के बीच रद्द रहेगी।
तीसरी और चौथी लाइन का विस्तार रेलवे का अहम प्रोजेक्ट
रेलवे प्रशासन का कहना है कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट तीसरी और चौथी लाइन का विस्तार है। बिलासपुर-झारसुगड़ा रूट पर चौथी लाइन का काम अलग-अलग सेक्शन में चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। रायगढ़-झारसुगुड़ा के बीच कोतरलिया रेलवे स्टेशन यार्ड को चौथी लाइन से जोड़ने का काम 11 से 24 अप्रैल के बीच होगा।
36 ट्रेनों के 206 फेरे रद्द किए गए
इस काम के चलते रेलवे ने 36 ट्रेनों के 206 फेरे रद्द किए हैं। 4 ट्रेनें 44 दिन तक बदले हुए मार्ग से चलेंगी। 3 ट्रेनों को 45 दिन तक आधे रास्ते ही चलाया जाएगा। डेवलपमेंट के काम के चलते हावड़ा-मुंबई-हावड़ा मेल 14-14 दिन और मुंबई-हावड़ा-मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस 8-8 दिन डायवर्टेड रूट से चलेगी।
बिलासपुर-झारसुगुड़ा-बिलासपुर के बीच 45 दिन तक जेडी ट्रेन आधे रास्ते ही चलेगी। हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस 10-10 दिन आधे रास्ते रद्द रहेगी।

समर सीजन में ट्रेनें कैंसिल कर रेलवे ने बढ़ाई यात्रियों की परेशानियां।
2100 करोड़ की लागत से हो रहा काम
बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच चौथी लाइन की कुल लंबाई 206 किलोमीटर है। इस पर 2100 करोड़ रुपए की लागत आएगी। रायगढ़-झारसुगुड़ा सेक्शन में कोतरलिया रेलवे स्टेशन यार्ड को चौथी लाइन से जोड़ा जाएगा। इस सेक्शन में चौथी लाइन का विद्युतीकरण भी किया जाएगा।
