यादव बोले – कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए पूरा समय और पूरी ऊर्जा लगाउंगा
कोरबा: सीएसईबी के सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं विभिन्न श्रमिक संगठनों से जुड़े हुए कांग्रेस नेता नत्थूलाल यादव को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने कोरबा जिला शहर अध्यक्ष बनाया है। नत्थूलाल यादव अयोध्यापुरी जैलगांव में रहते हुए पूर्व में जिला शहर उपाध्यक्ष रहे और यादव समाज में भी 2020 से जिला अध्यक्ष के पद का निर्वहन कर रहे हैं। नत्थूलाल यादव की नेतृत्व क्षमता और कांग्रेस के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी केे महासचिव के सी रेणुगोपाल ने उन्हें जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी इस नियुक्ति से कांग्रेस को एक नई दिशा मिलेगी। बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद नत्थूलाल यादव ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने मुझ पर जो विश्वास किया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा और वरिष्ठों के मार्गदर्शन में टीम भावना के साथ काम करते हुए कांग्रेस की रीति और नीति को जनजन तक पहुंचाने के लिए मैं अपनी पूरी ऊर्जा लगा दूंगा और टीम को सशक्त बनाते हुए कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभाउंगा।
ज्ञातव्य हो कि श्री यादव सीएसईबी में करीब 40 वर्ष अपनी सेवा देने के बाद कुछ वर्ष पूर्व सेवा निवृत्त हुए और अपना पूरा समय कांग्रेस को दे रहे हैं। यहां यह बताना भी लाजिमी होगा कि श्री यादव 2020 से यादव समाज के जिला अध्यक्ष भी हैं और उनकी नेतृत्व क्षमता को कांग्रेस ने भी देखा है। उनकी नई नियुक्ति से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। कांग्रेस शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद श्री यादव ने प्रदेश कांग्रेस संगठन प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, पूर्व केबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, पूर्व विधायक मोहित केरके्टटा सहित वरिष्ठ जनों का आभार जताया हैं।
एक परिचय – नत्थूलाल यादव

जिला कांग्रेस कमेटी के नए शहर अध्यक्ष नत्थूलाल यादव का पूरा परिवार कांग्रेसी है और वे शहर कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष पद का निर्वहन कर चुके है और वे वर्तमान में जिला कांग्रेस कमेटी शहर के विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। श्री यादव हायर सेकेण्डरी तक शिक्षित हैं और संगठन में इनकी सक्रिय भागीदारी रहती है। इनकी नियुक्ति से कांग्रेस संगठन को एक नई दिशा मिलेगी। श्री यादव को इस बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद कांग्रेस संगठन एवं शुभचिंतकों में हर्ष व्याप्त है। श्री यादव 2020 से यादव समाज के अध्यक्ष का भी दायित्व निभा रहे हैं और समाज में भी उनकी जबरदस्त पकड़ भी है। वे पिछड़ा वर्ग संगठन के भी वरिष्ठ सदस्य हैं। 67 वर्षीय श्री यादव में अपनी मातृ संस्था के प्रति अगाध प्रेम के कारण ही उन्हें संगठन ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। नई नियुक्ति होने के बाद श्री यादव ने कहा है वे संगठन की मजबूती के लिए अपनी पूरी ऊर्जा लगा देंगे।
