दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5.90 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने मध्यप्रदेश के छतरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पहले रायपुर नगर निगम और फिर मंत्रालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगवाने का भरोसा देकर रकम ली थी। पुलिस ने आरोपी अंकित कुमार रैकवार (24) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित तापस मंडल ने नौकरी के नाम पर ठगी की शिकायत सीधे न्यायालय में की थी। न्यायालय के आदेश पर सुपेला थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने रायपुर नगर निगम में नौकरी दिलाने के नाम पर शुरुआत में 50 हजार रुपए लिए थे। नौकरी नहीं लगने पर उसने यह रकम वापस कर दी थी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।
मंत्रालय में नौकरी का भरोसा देकर लिए 5.90 लाख
इसके बाद आरोपी ने मंत्रालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसके भरोसे में आकर प्रार्थी ने 21 मई 2025 से 24 अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों के जरिए कुल 5.90 लाख रुपए दे दिए। रकम लेने के बाद भी नौकरी नहीं लगी।
पुलिस के बुलाने पर भी नहीं हुआ पेश
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। साथ ही संबंधित बैंक खातों में हुए लेनदेन की जानकारी जुटाई। आरोपी को जांच में शामिल होने के लिए कई बार बुलाया गया, लेकिन वह पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ।
इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी के बाद 23 नवंबर को टीम ने आरोपी को छतरपुर से पकड़ लिया और दुर्ग लेकर आई।
10 हजार रुपए लौटाने की बात कबूली
पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग बैंक खातों के जरिए प्रार्थी से रकम लेने और खर्च करने की बात स्वीकार की। उसने 10 हजार रुपए लौटाने की बात भी बताई। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
