नई दिल्ली,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण कई सड़कें बंद हैं। हिमाचल में 2 हाइवे समेत 24 सड़कों पर लगातार तीसरे दिन बसों की आवाजाही बंद है। नेशनल हाइवे 305 पर भी करीब 1 फुट बर्फ है। प्रशासन बर्फ हटाने की कोशिश में जुटा हुआ है।
उत्तराखंड में भी जोशीमठ और पिथौरागढ़ में बर्फबारी के कारण नेशनल हाइवे और स्टेट हाइवे बंद है। देहरादून में भी त्यूनी-चक्रता-मसूरी नेशनल हाईवे के 30 किलोमीटर स्ट्रेच का हाईवे बर्फबारी के कारण बंद है। मौसम विभाग ने कहा है कि यहां अगले 2-3 दिन बर्फबारी का दौर जारी रहेगा।
दिल्ली में शुक्रवार सुबह तेज बारिश हुई। इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत 8 राज्यों में आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट है। यहां 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे इन राज्यों के तापमान में भी गिरावट होगी।
उधर, जम्मू-कश्मीर में पड़ रही कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के चलते तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चल रहा है। इसका एक नजारा जम्मू-कश्मीर के सोपोर में दिखाई दिया। हरितारा इलाके में बना एक तालाब पूरी तरह जम गया। बच्चों ने इस जमे हुए तालाब पर ही क्रिकेट खेला।
8 राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पुडुचेरी में ज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु में तेज बारिश का अलर्ट है। यहां अगले 3 दिन तक यही दौर रहेगा। दक्षिण के राज्यों में फिलहाल सर्दी का असर कम है।
अगले 2 दिन का मौसम…
28 दिसंबर: 2 राज्यों में ओले गिरने का अलर्ट
- मध्यप्रदेश, विदर्भ में ओले गिरने की संभावना है।
- मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, हिमाचल, उत्तराखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में तेज आंधी और बारिश हो सकती है।
- उत्तर भारत और मैदानी राज्यों में शीतलहर, कोहरे की संभावना नहीं है।
29 दिसंबर: MP-राजस्थान में बारिश का अलर्ट
- पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और हिमाचल में कोहरे का अलर्ट है।
- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल में बर्फबारी के आसार नहीं हैं।
- मैदानी राज्य बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में कोहरे और शीतलहर से भी राहत रहेगी।
