नई दिल्ली,एजेंसी। सोना-चांदी के दाम में आज यानी 29 अक्टूबर को बढ़त रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 10 ग्राम सोने की कीमत 2,585 रुपए बढ़कर 1,20,628 रुपए हो गई है। इससे पहले इसके दाम 1,18,043 रुपए प्रति 10 ग्राम थे।
वहीं, चांदी 4,737 रुपए बढ़कर रू.1,46,633 प्रति किलोग्राम हो गई। मंगलवार (28 अक्टूबर) को इसकी कीमत रू.1,41,896 प्रति किलोग्राम थी। इससे पहले इसी महीने 17 अक्टूबर को सोने ने 1,30,874 रुपए और चांदी ने 1,71,275 रुपए का ऑलटाइम हाई बनाया था। हालांकि इसके बाद इसमें गिरावट देखने को मिली थी।
IBJA की सोने की कीमतों में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होता इसलिए शहरों के रेट्स इससे अलग होते हैं। इन रेट्स का इस्तेमाल RBI सोवरेन गोल्ड बॉन्ड के रेट तय करने के लिए करता है। कई बैंक गोल्ड लोन के रेट तय करने के लिए इसे इस्तेमाल करते हैं।
इस साल सोना रू.44,466 और चांदी रू.60,616 महंगी हुई
- इस साल अब तक सोने की कीमत 44,466 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब रू.1,20,628 रुपए हो गया है।
- चांदी का भाव भी इस दौरान 60,616 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब रू.1,46,633 रुपए प्रति किलो हो गई है।
सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान
1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
2. कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।

