DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सुकमा में 10 नक्सलियों ने किया सरेंडर:AK-47, SLR जैसे हथियार साथ लेकर आए, 33 लाख के इनामी थे, तिरंगा देकर सरेंडर करवाया गया

जगदलपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में 10 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें 6 महिला कैडर भी शामिल हैं। ये नक्सली AK-47, SLR जैसे हथियार अपने साथ लेकर आए थे। इन सभी नक्सलियों पर 33 लाख रुपए का इनाम घोषित था। बस्तर पुलिस ने तिरंगा देकर इन्हें सरेंडर करवाया।

जानकारी के मुताबिक, इन आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में PLGA प्लाटून कमांडर, कंपनी सदस्य, ACM जैसे कैडर्स के नक्सली हैं। पिछले कई सालों तक नक्सल संगठन में सक्रिय थे, लेकिन अब हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्य धारा में लौट आए हैं।

ये हथियार साथ लेकर आए

नक्सल कैडर अपने साथ 1 AK-47, 2 SLR राइफल, 1 स्टेन गन, 1 BGL लॉन्चर साथ लेकर आए थे। इन्होंने ये सारे हथियार सुरक्षा बलों को विधिवत रूप से सौंप दिए।

इन कैडर्स के नक्सलियों ने डाले हथियार

  1. PLGA बटालियन नंबर 1 के प्लाटून कमांडर (CYPCM रैंक)
  2. दरभा डिवीजन के 2 एरिया कमेटी सदस्य (ACM)
  3. PLGA मिलिट्री प्लाटून नंबर 31 का 1 PPCM सदस्य
  4. PLGA मिलिट्री प्लाटून नंबर 26 का 1 PPCM सदस्य
  5. गोल्लापल्ली LOS के 2 सदस्य
  6. 3 पार्टी सदस्य (PM)

IG बोले- बचे हुए नक्सली कर दें सरेंडर

बस्तर IG सुंदरराज पी ने कहा कि, सुकमा में 10 नक्सलियों का पुनर्वास यह दर्शाता है कि हिंसक और जनविरोधी माओवादी विचारधारा का अंत अब निकट है। लोग पूना मारगेम, पुनर्वास से पुनर्जीवन पहल पर भरोसा जताते हुए शांति, गरिमा और स्थायी प्रगति का मार्ग चुन रहे हैं।

छत्तीसगढ़ शासन, भारत सरकार, बस्तर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल क्षेत्र में शांति स्थापित करने, पुनर्वास सुनिश्चित करने और समावेशी विकास को आगे बढ़ाने के लिए पूर्णत प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version