जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के कुरियारी इलाके में पुलिस ने 11 केवी सिल्वर बिजली तार चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी का तार खरीदने वाले समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 450 किलो तार, जिसकी कीमत करीब 85 हजार रुपए बताई गई है, बरामद किया गया है।
इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप (CG-11-BE-4151) भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपए है। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 4.85 लाख रुपए है। यह मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है।
पोल्ट्री फार्म के लिए लगाए गए थे खंभे
पुलिस के मुताबिक, कुरियारी डोंगाघाट से कुरियारी मुख्य मार्ग पर एक पोल्ट्री फार्म है। फार्म में बिजली कनेक्शन के लिए 11 खंभे लगाए गए थे और उन पर 11 केवी सिल्वर तार बिछाया गया था।
25 सितंबर की सुबह फार्म संचालक ने देखा कि खंभों पर लगा करीब 450 किलो तार गायब है। इसके बाद उन्होंने शिवरीनारायण थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पिकअप से चोरी करने की मिली जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की वारदात बोलेरो पिकअप से की गई थी। इसके बाद पुलिस ने वाहन चालक अविनाश थवाईत उर्फ मोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अविनाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर तार चोरी करना कबूल किया। उसने यह भी बताया कि चोरी का तार रायपुर के उरकुरा स्थित सृष्टि मेटालिक में बेचा गया था।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी का तार खरीदने वाले पप्पू कोल के कब्जे से पूरा तार बरामद कर लिया।
पांचों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी में शामिल आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
अविनाश थवाईत उर्फ मोटू, खोखरा, थाना जांजगीर
दीपांशु कूड़ापे उर्फ चिकी, उरकुरा
सनी सिंह, उरकुरा
राजेन्द्र कुमार उर्फ चाचा, उरकुरा
पप्पू कोल, शीतलापारा, थाना खमतराई, जिला रायपुर
