कोरबा। कोरबा में रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के प्रेम और विश्वास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर थाना परिसर और जेल तक हर जगह उत्सव का माहौल रहा। नगर विधायक और कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के शासकीय निवास पर आयोजित “बहनी मन संग राखी के तिहार” कार्यक्रम में 11 हजार से अधिक बहनों ने उन्हें रक्षासूत्र बांधा।
पंचवटी के पास स्थित मंत्री के निवास पर सुबह से ही बहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बहनों ने अपनत्व और स्नेह के साथ अपने विधायक भाई को राखी बांधी। यह आयोजन भाई-बहन के रिश्ते की अनूठी तस्वीर प्रस्तुत कर रहा था।
इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने कोरबा की बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्षद से लेकर कैबिनेट मंत्री बनने तक बहनों ने उन्हें भाई मानकर जो स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वह हृदय से स्वीकार्य है।
मंत्री ने रक्षाबंधन को केवल धागा बांधने का नहीं, बल्कि रक्षा करने और जीवन भर साथ निभाने का संकल्प बताया। उन्होंने मां सर्वमंगला से सभी बहनों के सुख-समृद्धि की कामना की।

शहर में भी रक्षाबंधन की खासी रौनक देखने को मिली। छोटे बच्चे, युवतियां और महिलाएं तैयार होकर अपने भाइयों के घर राखी बांधने निकलीं। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और शहर के चौक-चौराहों पर दिनभर भारी भीड़ और चहल-पहल बनी रही।
ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी
कटघोरा थाना परिसर में भी एक विशेष आयोजन हुआ। ब्रह्माकुमारी बहनों ने थाना पहुंचकर थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। बहनों ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर मिठाई खिलाई और शुभकामनाएं दीं।
ब्रह्माकुमारी बहनों ने बताया कि यह आयोजन पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और भाईचारे की भावना से किया गया, क्योंकि वे दिन-रात समाज की सुरक्षा में लगे रहते हैं। थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने भी इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया, जिससे पुलिस और समाज के बीच विश्वास का एक खूबसूरत उदाहरण प्रस्तुत हुआ।
