0 प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पांडेय, मयंक पांडेय सहित परिवार ने किया भव्य स्वागत
0 विशाल भंडारे में जिले भर के लोगों ने किया भोग प्रसाद ग्रहण
कोरबा। 12 अप्रैल को कोरबा विधायक एवं प्रदेश के उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन का जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। मां सर्वमंगला देवी परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। देवांगन करीब 1.15 बजे दोपहर को मां सर्वमंगला देवी मंदिर पहुंचे। उन्होंने मां के श्रीचरणों में मत्था टेका और पूजाअर्चना कर कोरबा तथा प्रदेश एवं देश की खुशहाली की कामना की।

इसके बाद देवांगन भंडारा आयोजन स्थल पर पहुंचे और पहले मंच पर विराजमान हुए और उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं सहित आमजनों को संबोधित करते हुए कहा कि मां का आशीर्वाद और सभी का प्यार मेरी असली पूंजी है। इतनी बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर मुझे बधाई देने पहुंचे, इसके लिए मै सभी का ऋणी रहूंगा। उन्होंने कहा कि आज हर युग में जीवंत रहने वाले राम भक्त हनुमान का जन्मोत्सव भी है, इसके लिए भोग भंडारे का आयोजन किया गया है। मैं मंदिर प्रबंधन का भी ह्दय से आभारी हूं, कि स्वर्ग जैसे स्थल पर आने का मौका मिला और प्रबंधन ने मेरा भव्य स्वागत किया। मंदिर प्रबंधन की ओर से प्रबंधक, पुजारी एवं राजपुरोहित नमन पांडेय, मयंक पांडेय सहित परिवारजनों ने लखनलाल देवांगन का मंदिर परिसर में स्वागत किया और ससम्मान मां के दरबार तक ले गए। मंदिर प्रबंधन के इस सम्मान से लखनलाल देवांगन अभिभूत हुए। कार्यक्रम स्थल में पहुंचे सभीजनों का उन्होंने अभिनंदन किया और जन्मोत्सव पर बधाई स्वीकार की।
इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और लखनलाल देवांगन के बारे में कहा कि हमारे भैय्या सहज, सरल, सौम्य एवं सभी की बातों को सुनने वाले एक सच्चे जनप्रतिनिधि हैं और कोरबा विकास के लिए प्रतिबद्ध दिखाई देते हैं।
यशस्वी जीवन की दी शुभकामनाएं
मां सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा के व्यवस्थापक नमन पांडेय, मयंक पंाडेय सहित परिवारजनों ने कोरबा विधायक एवं मंत्री लखनलाल देवांगन को यशस्वी जीवन की शुभकामनाएं दी और कहा कि मातारानी के दरबार में जो भी आता है, उसकी मनोकामनाएं पूर्ण होते हुए जीवन में सुख ,समृद्धि एवं जीवन यशस्वी बनता है। पांडेय परिवार ने उन्हें तैल्यचित्र भेंट कर सम्मानित किया।
