
0 मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं महापौर संजू देवी
0 विष्णु के सुशासन में विकास की बयार बह रही-महापौर
0परिसर में पेयजल के लिए बोर लगाने की घोषणा
कोरबा। 12 अप्रैल को जिले भर में रामभक्त हनुमान का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कहीं सुंदर पाठ, तो कहीं हनुमान चालीसा का पाठ पढ़ा गया और भोग भंडारे का आयोजन किया गया। राजवाड़े कुर्मी समाज केन्द्रीय समिति द्वारा कुआंभट्ठा स्थित राजवाड़े सामाजिक संस्थान परिसर में जनसहयोग से हनुमान मंदिर का निर्माण कराया गया, जिसमें हनुमान जन्मोत्सव पर हनुमान जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा विधिविधान एवं मंत्रोच्चार के साथ की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में महापौर संजू देवी राजपूत शामिल हुईं। उन्होंने हनुमान जी की पूजापाठ एवं आरती की और हवन पूजन में शामिल हुर्इं। कार्यक्रम को संबोधित करती हुईं महापौर ने कहा कि विष्णु के सुशासन में विकास की बयार चल रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के हर वार्डों में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे कोरबा विधायक लखनलाल देवंागन मंत्री भी हैं और उनके मार्गदर्शन में विकास कई गुना अधिक होगा। उन्होंने समाज की मांग पर पेयजल के लिए परिसर में बोर उत्खनन कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय अध्यक्ष कृपासिंधु राजवाड़े ने की। उन्होंने समाज द्वारा कराये जा रहे कार्यों, समाज की गतिविधियों एवं रचनात्मक कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर हनुमान चालीसा, सुंदरकांड का भी पाठ किया गया और इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। भक्तिमय माहौल में प्राण प्रतिष्ठा समारोह उत्सव के साथ संपन्न हुआ।
सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया पूर्व मंत्री अग्रवाल ने
अपने कार्यकाल में पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक जयसिंह अग्रवाल ने राजवाड़े कुर्मी समाज भवन के लिए राशि स्वीकृत की थी, जो पहले बनकर तैयार हो गया था। इसके अलावा सामुदायिक भवन भी बनकर तैयार हुआ, जिसका लोकार्पण श्री अग्रवाल ने अपने करकमलों से किया। इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि 15 साल तक कोरबा की जनता ने मुझे अपार प्रेम और सहयोग दिया। मैंने अपने मंत्रीत्वकाल में सभी समाज को सामाजिक भवन दिया और मेरे ख्याल से कोरबा में कोई ऐसा समाज नहीं है, जिनका अपना भवन नहीं हो। मैंने अपने कार्यकाल में कोरबा के विकास के लिए अपनी पूरी ऊर्जा और क्षमता लगा दी। उन्होंने कहा बीते कार्यकाल के 5 साल में कोरबा में अभूतपूर्व कार्य हुए और कोरबा की तस्वीर महानगरों की तर्ज पर दिखने लगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय अध्यक्ष कृपासिंधु राजवाड़े ने की और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के कार्यों की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।
कृपासिंधु ने जताया आभार
