DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पुटीपखना पहुंचे 12 प्रशिक्षु आईएएस, जानकारी ली

कोरबा। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 100 वें कॉमन फाउंडेशन कोर्स के तहत 12 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों का दल अध्ययन भ्रमण पर है। इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण प्रशासनिक व्यवस्था, योजनाओं के क्रियान्वयन व ग्राम्य जीवन की वास्तविक परिस्थितियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करना है।

प्रशिक्षु अधिकारियों ने कलेक्टर अजीत वसंत से ब्रीफिंग प्राप्त की। कलेक्टर ने अधिकारियों को जिले की भौगोलिक संरचना, गौरवशाली इतिहास व संस्कृति, परंपराएं, धार्मिक व पर्यटन स्थलों के विषय में बताया। इसके साथ ही एनटीपीसी, बालको, एसईसीएल, कोल माइंस,पॉवर प्लांट हसदेव बागों बांध के विषय में जानकारी दी। कलेक्टर वसंत ने अधिकारियों को ग्राम भ्रमण के दौरान महत्वपूर्ण विषय के संकलन व आवश्यक सावधानियों के विषय में बताया दिया। भ्रमण के लिए दो दल बनाए गए हैं।

ग्राम पंचायत चाकामार में भ्रमण दल में प्रशिक्षु अधिकारी रजत सिंह, खोत पुष्पराज नानासाहेब, विकास यादव, केवल अश्विनभाई मेहता, सरन्या एस व अदिति छापरिया शामिल रहे। ग्राम पंचायत पुटीपखना के भ्रमण दल में बालाजी ए, उत्कर्ष श्रीवास्तव, शिवम कुमार, विद्यांशु शेखर झा, नम्रता अग्रवाल उन्नति गोयल शामिल रहे। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों, पंच, सरपंच, मितानिन, शिक्षक व स्थानीय अधिकारियों से संवाद स्थापित कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

प्रशिक्षु अधिकारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, महात्मा गांधी नरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, जल जीवन मिशन व डिजिटल पंचायत जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन का अध्ययन किया। उन्होंने हितग्राहियों से बातचीत कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति व उनके लाभ के विषय में प्रत्यक्ष फीडबैक प्राप्त किया। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने पीएमश्री विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, सड़क, नाली, सौर ऊर्जा व्यवस्था व बिजली आपूर्ति जैसी आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने ट्रांजिट वॉक कर ग्राम के सामाजिक-आर्थिक ढांचे, संसाधनों व जनजीवन की विविधताओं को निकट से देखा-समझा।

Exit mobile version