मुंबई, एजेंसी। ग्लोबल ब्रोकरेज गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) ने भारतीय शेयर बाजार को लेकर अपना नया आउटलुक जारी किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि निफ्टी 50 जून 2027 तक 26,500 के स्तर तक पहुंच सकता है, जो इसके मौजूदा रिकॉर्ड हाई 26,373 से भी ऊपर होगा। ब्रोकरेज का मानना है कि हाल के सप्ताहों में भारत की आर्थिक तस्वीर पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।
भारत के आउटलुक में सुधार की वजहें
रिपोर्ट के अनुसार, कमोडिटी कीमतों में नरमी, रुपए की स्थिरता, घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूती, दूसरी तिमाही में बेहतर कॉर्पोरेट आय की उम्मीद और कुछ प्रमुख सेक्टरों में संभावित रिकवरी ने भारतीय बाजार के प्रति भरोसा बढ़ाया है।
निकट अवधि में रह सकती है अस्थिरता
हालांकि गोल्डमैन सैक्स ने यह भी कहा है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण निकट अवधि में शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इसके बावजूद ब्रोकरेज को भरोसा है कि जून 2027 तक Nifty 50 लगभग 26,500 के स्तर तक पहुंच सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक यह मौजूदा स्तरों से करीब 10 फीसदी की संभावित बढ़त का संकेत देता है।
किन सेक्टरों पर बुलिश है ब्रोकरेज?
Goldman Sachs ने रक्षा और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े क्षेत्रों को लंबी अवधि के लिहाज से आकर्षक बताया है। सेक्टर स्तर पर ब्रोकरेज ने Utilities की रेटिंग बढ़ाकर Overweight कर दी है। इसके अलावा Banking, Energy Refiners, Technology, Media & Telecommunications (TMT) और Defence सेक्टर पर भी सकारात्मक रुख बनाए रखा है।
वहीं Exporters, Downstream Oil और Materials सेक्टर के कुछ हिस्सों पर ब्रोकरेज ने Underweight रेटिंग बरकरार रखी है।
दूसरी छमाही के लिए 15 पसंदीदा Largecap शेयर
Goldman Sachs ने साल की दूसरी छमाही के लिए जिन 15 लार्जकैप शेयरों को अपनी टॉप पसंद बताया है, उनमें शामिल हैं:
- Reliance Industries
- HDFC Bank
- Adani Enterprises
- Adani Power
- Kotak Mahindra Bank
- NTPC
- Hindustan Aeronautics (HAL)
- Eternal
- Power Grid
- Adani Green Energy
- InterGlobe Aviation
- HDFC Life Insurance
- Indian Hotels
- Mazagon Dock Shipbuilders
- MakeMyTrip
ब्रोकरेज का मानना है कि मजबूत घरेलू आर्थिक संकेतकों और चुनिंदा सेक्टरों में सुधार की संभावना के चलते भारतीय बाजार लंबी अवधि में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। हालांकि निवेशकों को वैश्विक घटनाक्रम और बाजार में संभावित उतार-चढ़ाव पर भी नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
मार्च में घटाया था लक्ष्य
गौरतलब है कि गोल्डमैन सैक्स ने 27 मार्च को भारतीय बाजार की रेटिंग घटाकर Marketweight कर दी थी। उस समय तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक अनिश्चितताओं को देखते हुए ब्रोकरेज ने Nifty 50 का लक्ष्य 29,500 से घटाकर 25,300 कर दिया था। साथ ही 2026 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान भी घटाकर 5.9 फीसदी कर दिया गया था।
