टोंक,एजेंसी। राजस्थान के टोंक में कार से 150 किलो विस्फोटक (अमोनियम नाइट्रेट) ले जा रहे 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि ये अमोनियम नाइट्रेट टोंक में ही सप्लाई होना था।
मामला बरौनी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 स्थित चिरौंज गांव का है। कार सवार लोगों ने यूरिया खाद के कट्टों में इस विस्फोटक को छुपा कर रखा था, ताकि पकड़ में न आ सके।
डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया- ये अमोनियम नाइट्रेट किसी भी विस्फोट की घटना को अंजाम देने में काफी है। इसकी जांच की जा रही है कि इन लोगों ने विस्फोटक कहां से, किससे खरीदा था और किसे सप्लाई करने वाले थे।
दोनों आरोपियों ने कार में खाद के कट्टों में विस्फोटक छुपा रखा था, ताकि किसी को शक न हो।
बूंदी की तरफ से आ रहे थे, पीछा करने पर भागने लगे
डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया- हाईवे पर नाकाबंदी थी। सुबह 9 बजे बूंदी से टोंक की तरफ एक सियाज कार जा रही थी। इसमें यूरिया खाद के कट्टे भर रखे थे। टीम को कार सवार संदिग्ध लगे तो इसका पीछा किया।
इस पर कार सवार सुरेंद्र (48) और सुरेंद्र मोची (33) निवासी करवर (बूंदी) हाईवे से चिरौंज गांव की तरफ भागने लगे। टीम ने पीछा कर इन्हें गांव के बाहर रोका। उन्होंने बताया कि कार सवारों को रोक कर पूछताछ की तो घबरा गए।
कार की तलाशी में कार्टेज और वायर भी मिले है। पुलिस इनकी जांच कर रही है।
डीएसटी प्रभारी ने बताया- जब कार की तलाशी ली तो यूरिया खाद के कट्टों में विस्फोटक को छुपा रखा था। तलाशी के दौरान कार में 4 अलग-अलग कट्टों में अमोनियम नाइट्रेट मिला।
थाना प्रभारी ने बताया- विस्फोटक के साथ 200 डेंजर एक्सप्लोसिव कार्टेज, सेफ्टी फ्यूज वायर के 6 बंडल और 1100 मीटर वायर जब्त किए हैं।
गिरफ्तार दोनों आरोपी बूंदी जिले के रहने वाले हैं।
