DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के अब तक 158 केस:रायपुर में सबसे ज्यादा 66 मरीज, इनमें 58 ठीक, प्रदेश में 37 एक्टिव केस

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू, H1N1 संक्रमण के अब तक 158 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी जिलेवार रिपोर्ट के मुताबिक, रायपुर में सबसे ज्यादा 66 मरीज मिले हैं, इनमें 58 मरीज ठीक हो चुके हैं।

जबकि 8 एक्टिव केस हैं। प्रदेश में कुल 121 मरीज रिकवर हो चुके हैं और 37 मरीजों का इलाज चल रहा है। राहत की बात है कि अब तक H1N1 से किसी मौत की जानकारी नहीं है।

एक दिन में 6 नए मरीज मिले

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में एक दिन में 6 नए H1N1 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 158 हो गई है। इनमें से 121 मरीज डिस्चार्ज या होम आइसोलेशन के बाद रिकवर हो चुके हैं।

रायपुर के बाद बिलासपुर और दुर्ग में ज्यादा केस

जिलेवार स्थिति देखें तो रायपुर में सबसे ज्यादा 66 पॉजिटिव केस हैं। इनमें 58 मरीज रिकवर हो चुके हैं और 8 एक्टिव केस हैं। बिलासपुर में 20, दुर्ग में 17, रायगढ़ में 10 और धमतरी व कोरबा में 9-9 पॉजिटिव मरीज मिले हैं।

राजनांदगांव में 4, बस्तर और बेमेतरा में 3-3 तथा कांकेर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, महासमुंद, सक्ती, सूरजपुर सहित कई जिलों में भी H1N1 के मामले सामने आए हैं।

दुर्ग में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

वर्तमान में एक्टिव केस की बात करें तो दुर्ग में सबसे ज्यादा 9 मरीज उपचाराधीन हैं। रायपुर में 8, कोरबा में 4, रायगढ़ में 3, राजनांदगांव और बस्तर में 2-2 तथा कुछ अन्य जिलों में 1-1 एक्टिव मरीज हैं।

अब तक किसी मरीज की मौत नहीं

रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में H1N1 से अब तक कोई मौत दर्ज नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों की निगरानी और उपचार कर रहा है।

बुखार के साथ सांस लेने में तकलीफ हो तो डॉक्टर को दिखाएं

डॉ. विकास अग्रवाल के मुताबिक बुखार के साथ लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या बहुत ज्यादा कमजोरी जैसे लक्षण हों तो इसे सामान्य वायरल समझकर खुद से दवा नहीं लेनी चाहिए। ऐसे लक्षण होने पर डॉक्टर से जांच और सलाह लेना जरूरी है।

स्वाइन फ्लू संक्रमित व्यक्ति की खांसी या छींक से निकलने वाली बूंदों और नजदीकी संपर्क से फैल सकता है। अगर लक्षण लगातार बने रहें या हालत बिगड़ती लगे तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

Exit mobile version