DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

खैरागढ़ में प्राइमरी स्कूल के 17 बच्चे बीमार:प्रार्थना के दौरान बिगड़ी तबीयत

स्कूल खुलने से रतनजोत के जहरीले फल खाने की आशंका

खैरागढ़,एजेंसी। खैरागढ़ जिले के करमतरा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में मंगलवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान 17 बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। आशंका है कि स्कूल खुलने से पहले कुछ बच्चों ने परिसर के आसपास उगे रतनजोत के जहरीले फल खा लिए थे, जिसका असर प्रार्थना के समय सामने आया।

बच्चों को चक्कर आने लगे और वे एक-एक कर गिरने लगे। स्थिति बिगड़ते देख सभी बीमार बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा ले जाया गया। चिकित्सकों की टीम बच्चों का इलाज कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार, चार बच्चों पर जहर का असर अधिक है।

एक को खैरागढ़ किया गया रेफर

जबकि बाकी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है। एक बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे खैरागढ़ रेफर किया गया है। शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी का कहना है कि उन्हें मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है और वे इस संबंध में जानकारी ले रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर और आसपास मौजूद सभी जहरीले पौधों को तत्काल हटाने, लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Exit mobile version