DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बीजापुर में 171 मवेशी जब्त, 9 तस्कर गिरफ्तार:भोपालपटनम पुलिस ने तेलंगाना ले जाते हुए पकड़ा, सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया

बीजापुर,एजेंसी। बीजापुर जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 171 मवेशियों के साथ 9 कथित पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गाय, बैल और बछड़ों को छुड़ाकर नगर पंचायत के गौठान में सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस को उल्लूर घाटी-चिल्लामरका के जंगल मार्ग से मवेशियों को तेलंगाना की ओर ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर भोपालपटनम पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और पशुओं को ले जा रहे नौ लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया।

पशुओं की अवैध तस्करी करते आरोपी

पशुओं की अवैध तस्करी करते आरोपी

अंतर्राज्यीय गिरोह कर रहा था पशु तस्करी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तेलंगाना के तीन, महाराष्ट्र के पांच और बीजापुर जिले का एक व्यक्ति शामिल है। पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास पशुओं के स्वामित्व या परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।

आरोपियों की पहचान थिपनपल्ली संजीव (48 वर्ष), हटकर राजू (52 वर्ष), कटकुरी मजनू (23 वर्ष) निवासी तेलंगाना; विनोद नारायण झाडे (35 वर्ष), व्येक्टी गोडया दुर्गे (62 वर्ष), व्येकंटी राजीग्या दुर्गे (47 वर्ष), प्रवीण शंकर दुर्गे (19 वर्ष), अक्षय अजमेरा (24 वर्ष) निवासी महाराष्ट्र; और अशोक गुगलेम (30 वर्ष) निवासी बीजापुर के रूप में हुई है।

इस मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण संशोधन अधिनियम 2011 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

Exit mobile version