DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

समर सीजन में छत्तीसगढ़ से 18 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी:देशभर में 908 गाड़ियां 18,262 फेरे लगाएंगी, बिलासपुर-रायपुर, दुर्ग-गोंदिया, इतवारी-रायगढ़, शहडोल रूट के यात्रियों को राहत

बिलासपुर, एजेंसी। गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी तैयारी की है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (बिलासपुर जोन) से 18 समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिनका संचालन 15 अप्रैल से शुरू हो चुका है और 15 जुलाई तक चलेगा। इस अवधि में ये ट्रेनें कुल 88 फेरे लगाएंगी।

वहीं, देशभर में 908 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों को मंजूरी दी गई है, जो मिलकर 18,262 फेरे संचालित करेंगी। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, बिलासपुर जोन से मंजूर 18 स्पेशल ट्रेनों में से 13 का संचालन शुरू हो चुका है, जबकि बाकी ट्रेनें चरणबद्ध तरीके से जल्द चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें प्रमुख गंतव्यों के बीच चलेंगी, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी।

देशभर में 908 ट्रेनें, 18 हजार से ज्यादा फेरे

भारतीय रेलवे ने समर सीजन के लिए देशभर में 908 विशेष ट्रेनों को मंजूरी दी है। ये ट्रेनें 15 अप्रैल से 15 जुलाई के बीच कुल 18,262 फेरे लगाकर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालेंगी।

स्टेशनों पर बढ़ाए गए इंतजाम

भीषण गर्मी को देखते हुए रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, इतवारी, रायगढ़ और शहडोल में विशेष व्यवस्थाएं की हैं। इनमें अतिरिक्त टिकट काउंटर, पेयजल व्यवस्था, प्रतीक्षालयों में सुधार, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

कंफर्म टिकट मिलने की उम्मीद बढ़ी

रेलवे का दावा है कि, इन विशेष ट्रेनों के संचालन से ट्रेनों में भीड़ कम होगी और वेटिंग लिस्ट में भी गिरावट आएगी। इससे यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और सफर ज्यादा आरामदायक होगा।

Exit mobile version