नई दिल्ली, एजेंसी। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस समेत 19 विपक्षी पार्टियां 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में मार्च निकालेंगी।
6 अक्टूबर को चुनाव आयोग का घेराव किया जाएगा। यह फैसला बुधवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में INDIA ब्लॉक बैठक में लिया गया।
करीब 3 घंटे चली बैठक में 3 बातों पर सहमति बनी।
1. CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए संसद में प्रस्ताव लाया जाए।
2. वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों को सार्वजनिक किया जाए। नाम हटाने से पहले वोटर को नोटिस और अपील का मौका मिले।
3. EVM की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं।
बैठक के बाद खड़गे ने आरोप लगाया कि मोदी- शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग को कठपुतली बना दिया है। भाजपा चुनाव आयोग के साथ वोट चोरी कर रही है।
इंडिया ब्लॉक की बैठक में 19 पार्टियां शामिल हुईं। इनके पास लोकसभा में 178 और राज्यसभा में 62 सांसद हैं। ये पार्टियां हैं- कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, NCP (SP), शिवसेना (UBT), RJD, CPM, CPI, NC, PDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC (M), MDMK, VCK, RSP, AIFB और KC (J)।
राहुल बोले- हम एक गठबंधन
- राहुल गांधी: BJP, अमित शाह, पीएम मोदी और ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं। हम एक गठबंधन हैं और देश में बड़ा बदलाव लाएंगे।
- ममता बनर्जी: बीजेपी ने वोट चोरी करके बंगाल में लूट की, एमपी, हरियाणा, बिहार, छत्तीसगढ़ में जीते। ज्ञानेश कुमार चोर-डाकू हैं।
- तेजस्वी यादव: फॉर्म 6 में बदलाव विपक्ष के दबाव में हुआ है। यह हमारी पहली जीत है।
- संजय राउत: मुंबई में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन चल रहा है। हम उसकी तैयारियों में व्यस्त हैं।
