DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में घर का ताला तोड़कर 2 बाइक, जेवर चोरी:सिविल लाइन क्षेत्र में वारदात, परिवार गांव गया था, FIR दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

कोरबा। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सीएसईबी चौकी अंतर्गत एक सूने मकान में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर दो दोपहिया वाहन, सोने के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मकान मालिक घर में ताला लगाकर अपने गांव गई थी। घर की देखरेख के लिए उसने अपनी दोस्त अंजली सिंह को चाबी दी थी। इसी दौरान उसके भाई और माता-पिता भी बिहार के औरंगाबाद जिले स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे। जब शिकायतकर्ता पटना जंक्शन पर थी, तभी अंजली सिंह ने फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी।

घर पहुंचने पर टूटा मिला ताला

कोरबा लौटने पर शिकायतकर्ता ने देखा कि मुख्य दरवाजे और कमरे के ताले टूटे हुए थे। अलमारी का ताला भी टूटा मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था।

दो बाइक और जेवर चोरी

चोर एक हीरो स्प्लेंडर (CG12 BW2329) और एक होंडा एक्टिवा (CG12 BR 4289) चोरी कर ले गए। दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

इसके अलावा अलमारी से एक जोड़ी सोने की बालियां, एक सोने की चेन और नगदी भी चोरी हो गई। नगदी और जेवर की कुल कीमत की जानकारी परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस को दी जाएगी।

पुलिस ने शुरू की जांच

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(a) के तहत मामला दर्ज किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Exit mobile version