वॉशिंगटन/तेहरान, एजेंसी। अमेरिका ने 2 दिन बाद फिर ईरान पर हमला किया है। अमेरिकी सेना ने मंगलवार रात सिरिक, खुजस्तान, केश्म द्वीप और बंदर अब्बास में मिसाइल और ड्रोन स्ट्राइक की। ईरान के अनुसार इन हमलों में 19 लोगों की मौत हुई है, जबकि 68 लोग घायल हुए हैं।
ईरान का दावा है कि सिरिक में एक शादी समारोह के दौरान मिसाइल गिरने से 5 लोगों की जान गई, जिनमें 4 साल का एक बच्चा भी शामिल है। वहीं खुजस्तान प्रांत में हुए हमले में 7 लोगों की मौत और 8 लोग घायल हुए। अमेरिका का कहना है कि उसने केवल ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
हमलों के जवाब में ईरान ने जॉर्डन और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर स्ट्राइक करने का दावा किया है। इससे पहले 30 अगस्त को अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित लारक द्वीप पर दो ईरानी रॉकेट लॉन्चरों पर हवाई हमला किया था।

अमेरिकी हमले के बाद क्षतिग्रस्त इमारत। यह तस्वीर ईरानी रेड क्रिसेंट द्वारा जारी वीडियो से ली गई है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें दावा किया गया है कि ये अमेरिकी हमलों में घायल हुए हैं।
हॉस्पिटल में घायल बच्चों का इलाज किया जा रहा है। वीडियो- सोशल मीडिया।
ईरान के सिरिक में हमले के बाद घटनास्थल पर जुटे लोग।
अमेरिका बोला- आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाया
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान के आम नागरिकों को निशाना बनाने के आरोप से इनकार किया है।
दरअसल, ईरान ने दावा किया था कि अमेरिका ने सिरिक में एक शादी समारोह पर हमला किया, जिसमें 2 बच्चों समेत कम से कम 4 लोगों की मौत हुई।
चीनी राष्ट्रपति बोले- पश्चिम एशिया में बाहरी दखल बंद होना चाहिए
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि पश्चिम एशिया के मामलों में बाहरी देशों को दखल देना बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को लेकर दोहरा रवैया भी नहीं अपनाना चाहिए।
चीनी सरकारी मीडिया शिन्हुआ के मुताबिक, शी ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से काहिरा में हुई मुलाकात के दौरान यह बात कही।
ईरान बोला – अमेरिका की बुनियाद हिला देंगें
ईरानी सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसिन रेजाई ने अमेरिकी हमलों के बाद कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने दावा किया कि तेहरान की नई रणनीति अमेरिका की ‘बुनियाद हिला देगी’।
रेजाई ने X पर लिखा कि ईरान सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ कूटनीति और आर्थिक प्रतिबंधों का मुकाबला करने के लिए भी नई रणनीति अपनाएगा।
ईरानी सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसिन रेजाई। (फाइल फोटो)
होर्मुज स्ट्रेट में 2 ऑयल टैंकर सी माइंस से टकराए
IRGC ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे 2 ऑयल टैंकर सी माइंस से टकरा गए, जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद दोनों जहाजों के कर्मचारियों को बाहर निकालना पड़ा।
IRGC का कहना है कि ये टैंकर उनकी चेतावनी के बावजूद होर्मुज स्ट्रेट में एक ‘अवैध रास्ते’ से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। इसके पहले जानकारी सामने आई थी कि अमेरिकी सेना ने 2 ईरानी टैंकरों को निशाना बनाया है।
ईरान के संसद स्पीकर ने अमेरिका को शैतान बताया
शादी समारोह पर मिसाइल हमले के बाद ईरानी संसद स्पीकर मोहम्मद गालिबाफ ने अमेरिका को शैतान कहा। उन्होंने X पर लिखा, “जो ताकत शैतान की तरह काम करे, लोगों को मारे और निशाना बनाए, वह शैतान ही है।”
उन्होंने मीनाब के एक स्कूल पर हुए हमले का भी जिक्र किया। ईरान का दावा है कि इस हमले में 156 लोग मारे गए थे, जिनमें 120 बच्चे थे। अमेरिका का कहना है कि वह केवल ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है।
