DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में 2 छात्राओं ने की आत्महत्या:9वीं की छात्रा ने पेड़ पर, 10वीं की छात्रा ने घर में लगाई फांसी

कोरबा। कोरबा में दो छात्राओं ने अलग-अलग घटनाओं में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदरानगर दुरपा वार्ड नंबर 5 की है, जहां 10वीं की छात्रा अंजली केंवट (17) ने अपने घर में फांसी लगाई।

दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के धमनागुड़ी मोहार गांव की है, जहां 9वीं की छात्रा गीता महंत (16) ने गांव से लगे पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार, इंदरानगर दुरपा निवासी दिलीप केंवट की बेटी अंजली केंवट ने मंगलवार सुबह अपने घर के लोहे के एंगल में रस्सी से फांसी लगा ली।

दिलीप केंवट राज मिस्त्री का काम करते हैं। घटना के समय दिलीप और उनकी पत्नी काम पर गए थे, जबकि एक बेटा भी काम पर था और दूसरा नदी में नहाने गया था। अंजली का छोटा भाई जब नहाकर घर लौटा, तो उसने अंजली को फंदे से लटका देखा।

उसने तुरंत रस्सी काटकर अंजली को नीचे उतारा और मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अंजली के भाई कार्तिक ने बताया कि वह दुरपा रोड स्थित लवली केयर स्कूल में 10वीं की छात्रा थी और बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही थी। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

तालाब के पास पेड़ पर लटका मिला नाबालिग का शव

दूसरी घटना में धमनागुड़ी मोहार गांव की 16 वर्षीय गीता महंत ने गांव से लगे तालाब के पास एक पेड़ पर फांसी लगा ली। ग्रामीणों की सूचना पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि गीता मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नहाने के लिए घर से निकली थी।

परिजनों के अनुसार, सितंबर माह में गीता की मां की अचानक तबीयत खराब होने से मौत हो गई थी। मां की मौत के बाद से गीता परेशान रहती थी और अजीब हरकतें करती थी। माना जा रहा है कि वह मां के निधन के सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पा रही थी।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version