सक्ती। सक्ती जिले के सोंठी गांव में दो सूने मकानों में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी का सामान खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान समेत करीब 3.85 लाख रुपए का चोरी का माल बरामद किया है।
चोरी की दोनों घटनाएं 28 जुलाई की रात सोंठी गांव में हुई थीं। चोरों ने पीछे के दरवाजे का डंडा हटाकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी खंगालकर सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल, नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। जाते समय मुख्य दरवाजे का ताला भी तोड़ दिया।
एक घर से चोरों ने फ्रिज में रखी पानी की बोतल निकालकर पानी पीया। वहीं घर से लगे नाश्ता होटल में रखी करीब 20 पैकेट सिगरेट भी चोरी कर ली।

एक घर से करीब 2.95 लाख के जेवर चोरी
सोंठी वार्ड नंबर 11 निवासी कमला बाई यादव के घर से सोने-चांदी के जेवर, नकदी, पासबुक, खेत की पर्ची, पैन कार्ड और आयुष्मान कार्ड समेत अन्य सामान चोरी हुआ था। उनके बेटे का मोबाइल फोन और होटल में रखी सिगरेट भी चोर ले गए।
दूसरी घटना फाटकपारा, कांजी हाउस के पीछे रहने वाले देवराम पटेल के घर हुई। यहां अलमारी से करीब सवा तोला सोने का हार, झुमका-कनोती, टॉप्स, सोने के फदक, चांदी की पायल, मंगलसूत्र और अंगूठियां समेत अन्य सामान चोरी हुआ था। जेवरों की कीमत करीब 2.95 लाख रुपए बताई गई।
एक ही गिरोह की करतूत होने का शक
दोनों घटनाओं में चोरी का तरीका लगभग एक जैसा मिलने पर सक्ती पुलिस ने इसे एक ही गिरोह की वारदात मानकर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से सोंठी निवासी बलवीर सतनामी, फलेश साहू और समीर डेनियल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। चोरी का सामान आपस में बांटकर अलग-अलग जगह छिपाने की बात भी सामने आई।
सराफा व्यापारी को भी बनाया आरोपी
जांच में पुलिस को पता चला कि चोरी किए गए कुछ सोने-चांदी के जेवर अमित अग्रवाल, बनवारीलाल प्रेमचंद ज्वेलर्स, सक्ती को बिक्री के लिए दिए गए थे। इसके बाद पुलिस ने सराफा व्यापारी को भी मामले में आरोपी बनाया और गिरफ्तार कर लिया।
24 अगस्त को चारों गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों घरों से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी हुई है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 85 हजार रुपए है।
गिरफ्तार आरोपियों में बलवीर सतनामी (22), फलेश साहू (26), समीर डेनियल (19), तीनों निवासी सोंठी, और अमित अग्रवाल (45), निवासी सक्ती शामिल हैं। चारों को 24 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 3(5) और 317(2) बीएनएस भी जोड़ी है। मामले की आगे की जांच जारी है।
