रायपुर,एजेंसी। राजधानी रायपुर में ड्रग्स बेचने वालों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। मंगलवार देर रात टिकरापारा थाना पुलिस ने नारकोटिक एक्ट के तहत दर्ज मामले में हेरोइन सप्लाई नेटवर्क में पेडलिंग का काम करने वाले 2 और पैडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हेरोइन खरीदी-बिक्री में इस्तेमाल किए गए 2 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
इस मामले में पहले पंजाब निवासी अंतरराज्यीय तस्कर समेत स्थानीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क के 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के कब्जे से 412.87 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), कई मोबाइल, एक चारपहिया, तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, हेरोइन पीने में इस्तेमाल किया गया जला हुआ नोट, एटीएम कार्ड, चेकबुक और एक देसी कट्टा जब्त किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से हेरोइन सप्लाई नेटवर्क में लगे अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने जिबरान सैफ (25) और लक्ष्मण कौशल उर्फ वीरू (32) को गिरफ्तार किया।
अब तक 29 आरोपियों को गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा थाना में अपराध क्रमांक 600/25 धारा 21सी, 27, 27(क), 29 नारकोटिक एक्ट, 111 बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तीन महीने में 52 से ज्यादा आरोपी पकड़े पुलिस ने
ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ रायपुर पुलिस चार महीने से अभियान चला रही है। पुलिस अधिकारियों ने दिल्ली, पंजाब, रायपुर में दबिश देकर 52 से ज्यादा आरोपी पकड़े हैं। इन आरोपियों में महिला ड्रग पैडलर भी शामिल है। अफसरों का कहना है कि ड्रग्स बेचने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
दो महीने पहले पंजाब नेटवर्क तोड़ा पुलिस ने
रायपुर पुलिस के अधिकारियों ने दो माह पहले रायपुर के कमल विहार में रेड मारकर सिंडिकेट बनाकर ड्रग्स बेचने वाले पंजाब गिरोह का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने इस केस में रायपुर से पंजाब तक रेड मारी और 20 से ज्यादा आरोपी इस ग्रुप के पकड़े। इन आरोपियों के खातों में करोड़ों रुपए का ट्रांजैक्शन पुलिस को मिला है।
