DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सरगुजा में 2 कैदी फरार…हेड कॉन्स्टेबल-कॉन्स्टेबल सस्पेंड:बीमार होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, दीपावली की रात पुलिस को चमका देकर भागे

सरगुजा,एजेंसी। सरगुजा सेंट्रल जेल के 2 कैदी दीपावली की रात मेडिकल कॉलेज के जेल वार्ड से भाग निकले। अब एसपी ने एक हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। दोनों बंदी बीमार होने के कारण हॉस्पिटल में भर्ती कराए गए थे। फरार बंदियों का पुलिस अब तक पता नहीं लगा सकी है। दोनों के खिलाफ मणिपुर में अलग से केस भी दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल जेल में बंद कैदी रितेश सारथी और पवन पाटिल को तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। दीपावली की रात करीब तीन बजे दोनों चुपके से जेल वार्ड से निकले और फरार हो गए। इसकी भनक सुरक्षाकर्मियों को सुबह लगी तो हड़कंप मच गया। फरार दोनों बंदियों की तलाश में पुलिस उनके गांव तक पहुंची, लेकिन उनका पता नहीं चला है।

एएसपी ने बताया कि, दो पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई।

एएसपी ने बताया कि, दो पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई।

गंभीर बीमार होने के कारण थे भर्ती

जो बंदी फरार हुए हैं, उनमें रितेश सारथी निवासी ग्राम अंधला लखनपुर, पॉक्सो एक्ट का विचाराधीन बंदी है। उसे पेट में दर्द और अल्सर की शिकायत पर भर्ती किया गया था। दूसरा बंदी पवन पाटिल निवासी भैयाथान, सूरजपुर एनडीपीएस एक्ट का आरोपी है। उसे सीने में दर्द होने के कारण मेडिकल कॉलेज में भेजा गया था।

जेल अधीक्षक अक्षय राजपूत ने बताया कि, दोनों बंदी रात करीब तीन बजे सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर भाग निकले। इसकी सूचना मणिपुर थाने को दे दी गई है।

हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल सस्पेंड

इस मामले में सरगुजा SSP राजेश अग्रवाल ने जेल वार्ड के सुरक्षा की ड्यूटी में तैनात हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। सरगुजा ASP अमोलक सिंह ने बताया कि सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।

ASP ने बताया कि दोनों फरार बंदियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल दोनों पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। दोनों के खिलाफ मणिपुर थाने में FIR दर्ज की गई है।

15 दिन में दूसरी घटना

बंदियों के फरार होने की 15 दिन में यह एक पखवाड़े में दूसरी घटना है। इसके पहले जेल में बंद मुकेश कांत फरार हो गया था। उसने जेल के कर्मियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाया था। मामले में तीन सुरक्षाकर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया है।

Exit mobile version