DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर-चांपा में मंदिर से चांदी के 2 मुकुट चोरी:वारदात सीसीटीवी में कैद, मोबाइल खरीदने के लिए की चोरी, पुलिस ने आरोपी को घेरकर पकड़ा

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के पोड़ीदहला गांव स्थित बुड़हीन दाई मंदिर में 10 तोला चांदी के दो मुकुट चोरी करने के आरोप में 18 वर्षीय राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह घटना कोटमीसोनार सहायता केंद्र चौकी क्षेत्र की है।

चौकी प्रभारी राजेंद्र क्षत्रिय (एएसआई) ने बताया कि 1-2 फरवरी की मध्यरात्रि को बुड़हीन दाई मंदिर का ताला तोड़कर दो चांदी के मुकुट चोरी किए गए थे। चोरी हुए मुकुट का वजन लगभग 10 तोला है।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया

अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक व्यक्ति मंदिर में चोरी करते हुए दिखा। उसकी पहचान गांव के राहुल कुमार के रूप में हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर राहुल को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी राहुल कुमार ने बताया कि उसके पास मोबाइल खरीदने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए उसने मंदिर से चांदी के मुकुट चुराए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के मुकुट और घटना में इस्तेमाल किया गया सबल (रॉड) बरामद कर लिया है।

Exit mobile version