मनीला, एजेंसी। फिलीपींस में शुक्रवार को ट्रेनिंग के दौरान वायुसेना के दो विमान टकरा गए। हादसे में दोनों विमानों में सवार चारों पायलटों की मौत हो गई।
हादसा दोपहर 3:51 बजे मनीला के दक्षिण में लीपा शहर स्थित फर्नांडो एयर बेस के पास हुआ। दोनों SF-260 विमान कम ऊंचाई पर उड़ रहे थे। एक विमान के टुकड़े सैन्यकर्मियों के बैरक के पास गिरे।
फिलीपीन वायुसेना ने SF-260 विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है। जांच पूरी होने तक ये विमान उड़ान नहीं भरेंगे। इस साल हवा में विमानों के टकराने का यह दुनिया का पांचवां बड़ा हादसा है।
दोनों विमान हवा में टकराने के बाद एयर बेस के अंदर गिरे।
फिलीपींस ने 18 विमान खरीदे थे
SF-260 इटली में बने ट्रेनिंग विमान हैं। फिलीपींस ने 2010-11 के दौरान ऐसे 18 विमान इटली की कंपनी से खरीदे थे। इनका इस्तेमाल वायुसेना के पायलटों को उड़ान की ट्रेनिंग देने के लिए किया जाता है।
फिलीपींस की सेना लंबे समय से अपने सैन्य साजो-सामान को आधुनिक बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन इसके लिए जरूरी बजट जुटाना चुनौती रहा है। देश को वायुसेना के विमानों के साथ-साथ नौसेना और थलसेना की क्षमता भी बढ़ानी है।
दक्षिण चीन सागर में चीन के साथ बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच यह जरूरत और अहम हो गई है। सैन्य आधुनिकीकरण की कई योजनाओं में फंड की कमी और उन्हें पूरा करने में देरी जैसी दिक्कतें भी सामने आई हैं।

