कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा-जेंजरा बायपास मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह दो तेज रफ्तार ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि दोनों ट्रक तेज गति से जा रहे थे। इसी दौरान नियंत्रण खोने से दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी। चालक ट्रक के केबिन में फंसा हुआ था। ट्रक का दरवाजा बुरी तरह पिचक जाने के कारण उसे बाहर निकालने में परेशानी हो रही थी।

दूसरे ट्रक को टोचन कर चालक को निकाला
करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में दूसरे ट्रक को टोचन कर रस्सी से बांधा गया। इसके बाद केबिन को खींचकर फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद बायपास पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इससे बायपास पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर कटघोरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करते हुए बचाव कार्य में मदद की।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
रेस्क्यू के बाद घायल चालक को डायल 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। बायपास पर भारी वाहन अक्सर तेज गति से चलते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डायल 112 टीम और नागरिकों की तत्परता से बची जान
स्थानीय लोगों ने डायल 112 टीम और मौके पर मौजूद नागरिकों की तत्परता की सराहना की। उनकी सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई से ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
