DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

इजराइल के हमले में 20 ईरानी कमांडर मारे गए:ट्रम्प बोले-परमाणु डील नहीं तो और बड़ा हमला होगा; ईरान का 100 ड्रोन से जवाबी हमला नाकाम

तेहरान/तेल अवीव, एजेंसी। ईरान ने इजराइल पर जवाबी हमले में 100 से ज्यादा ड्रोन दागे हैं। इजराइली सेना (IDF) ने दावा किया है कि उनके लड़ाकू विमान ड्रोन को रास्ते में ही गिरा रहे हैं। अभी तक एक भी ड्रोन इजराइल की सीमा में नहीं पहुंचा है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।

इससे पहले इजराइल ने गुरुवार सुबह 200 फाइटर जेट से ईरान में कई परमाणु ठिकाने और मिलिट्री साइट्स को निशाना बनाया था। रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इस हमले में कम से कम 20 कमांडर मारे गए हैं।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान से परमाणु समझौता करने को कहा है। ट्रम्प ने ईरान को धमकी दी है कि अगर परमाणु समझौते को तैयार नहीं हुए तो और ज़्यादा बड़ा हमला झेलना होगा। इससे पहले आज सुबह इजराइल ने ईरान पर 200 फाइटर जेट्स से हमला किया था। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इजराइली सेना ने तेहरान के आसपास कम से कम 6 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इन 6 में से 4 जगहों पर परमाणु ठिकाने भी मौजूद हैं।

ईरान के IRGC कमांडर की मौत

ईरान के सरकारी मीडिया ने पुष्टि की है कि इजराइली हमले में इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर हुसैन सलामी की मौत हो गई है।

अल-जजीरा के मुताबिक हमले में ईरान के दो प्रमुख परमाणु वैज्ञानिक मोहम्मद मेहदी तेहरांची और फरदून अब्बासी भी मारे गए हैं।

इजराइल ने यह दावा किया है कि हमले में ईरान के आर्मी चीफ मोहम्मद बाघेरी, सेना के अन्य बड़े अधिकारी और कुछ वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक भी मारे गए हैं।

इस बीच, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई ने कहा कि हमारी सेना इजराइल को सजा दिए बिना नहीं जाने देगी।

Exit mobile version