DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पाली के निरधी में 20 क्विंटल अवैध धान जब्त:जिला प्रशासन की कार्रवाई, ग्रामीणों ने कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किया

कोरबा। कोरबा में अवैध धान के भंडारण और विक्रय पर जिला प्रशासन सख्त है। पाली विकासखंड के ग्राम निरधी में शुक्रवार को 20 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। नायब तहसीलदार पाली सुजीत कुमार पाटले और राजस्व निरीक्षक अंजलि पैकरा की टीम ने तड़के सुबह यह कार्रवाई की।

भंडारित धान के संबंध में ग्रामीण कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद राजस्व विभाग ने धान को अपने कब्जे में लेकर कोटवार पोड़ी की अभिरक्षा में पंचायत भवन पोड़ी में सुरक्षित रखवाया है। दरअसल, जिला प्रशासन ने अवैध धान के बिचौलियों पर कार्रवाई के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं, जो लगातार निगरानी रख रही हैं।

सूचना मिलते ही कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले करतला क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। सीमावर्ती क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि पड़ोसी जिलों का धान दूसरे जिले में खपत न हो। कुछ धान खरीदी केंद्रों पर हड़ताल और अन्य कारणों से आ रही परेशानियों पर भी जिला प्रशासन नजर रखे हुए है।

Exit mobile version