जांजगीर। जांजगीर-चांपा व सक्ती जिले के 17 नगरीय निकायों में इस साल पीएम आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 2050 नए आवास बनेंगे।
भारत सरकार, आवास और शहरी कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 50 हजार आवासों को मंजूरी देगा। राज्य सरकार ने सभी नगरीय निकायों को तय समय सीमा में पात्र हितग्राहियों के प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा है। सक्ती जिले को 511 और जांजगीर-चांपा को 1539 आवासों का पीएम आवास बनाने का का लक्ष्य दिया है। नगरीय निकायों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों की पहचान करें और जल्द से जल्द आवेदन तैयार कर भेजें। पात्रता जांच, भूमि उपलब्धता, निर्माण स्थल का चयन और दस्तावेज सत्यापन का काम प्राथमिकता से किया जाएगा। शासन ने सभी नगरीय निकायों को 30 नवंबर पात्र हितग्राहियों का प्रस्ताव तैयार करने कहा है। निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात कही है।
तीन नगर पंचायत में भी बनाए जाएंगे मकान पिछले साल नए नगर पंचायत नरियरा व पामगढ़ अस्तित्व में आए है। अब यहां शहरी आवास योजना के तहत पीएम आवास बनाएं जाएंगे। नरियरा में 83, पामगढ़ में 50 और इसी साल नगर पंचायत बने बम्हनीडीह में 46 पीएम आवास बनाने के लिए प्रस्ताव मंगाए गए हैं।
गलत जानकारी भेजने पर की जाएगी कार्रवाई प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का लक्ष्य 2026 तक हर शहरी परिवार को पक्का घर देना है। नगरीय निकायों में प्रस्ताव तैयार करते समय पात्रता के नियमों का कड़ाई से पालन करने कहा गया है। गलत जानकारी या फर्जी आवेदन मिलने पर संबंधित निकाय की जवाबदेही तय होगी। साथ ही प्रत्येक नगर निकाय को साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट राज्य शासन को भेजने के निर्देश हैं।
