मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर,एजेंसी। मनेन्द्रगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में पीलिया के 22 सक्रिय मामले सामने आए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और नगरपालिका की टीमें सतर्क हो गई हैं। शहर में पीलिया के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है।
कई मरीज इलाज के लिए बाहर गए हैं, जबकि कुछ इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। बीमारी के स्रोत का पता लगाने के लिए फिल्टर प्लांट से पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम शहर में व्यापक सर्वे अभियान चला रही है। मितानिनें घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही हैं और संदिग्ध मरीजों की पहचान कर रही हैं। यह सर्वे नगरपालिका क्षेत्र के सभी 22 वार्डों में लगातार जारी है।

होटलों और खानपान की दुकानों की हुई जांच
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे और नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी इशहाक खान स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने फूड सेफ्टी अधिकारी के साथ शहर के होटलों और खानपान की दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों की विशेष जांच की जा रही है। दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि दूषित पानी या अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के कारण पीलिया फैलने की आशंका है, जिसके मद्देनजर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
साफ-सफाई और स्वच्छ पानी पीने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, उबला या स्वच्छ पानी पीने और किसी भी लक्षण के दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल में जांच कराने की अपील की है। प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
