DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में 3 अरब 33 करोड़ राम नाम लेखन महायज्ञ की शुरुआत, बालको नगर में हुआ शुभारंभ…

बालकोनगर। जिले में 3 अरब 33 करोड़ राम नाम लेखन महायज्ञ का शुभारंभ हो गया है। इसी क्रम में बालको नगर स्थित श्री राम मंदिर में विधि-विधान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। प्रथम चरण में प्राप्त 1650 राम नाम लेखन पत्रिकाओं की पूजा-अर्चना कर उन्हें बस्तियों में वितरण के लिए समर्पित किया गया। मंदिर परिसर में पूजन के दौरान भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। पुरोहित द्वारा भगवान श्रीरामचंद्र के विग्रह के समक्ष पत्रिकाओं का पूजन कराया गया, जिसके बाद इन्हें बालको नगर की नौ बस्तियों के संयोजकों को सौंपा गया। राम नाम लेखन महायज्ञ के जिला सह-संयोजक देवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि इस अभियान में कोरबा जिले के एक लाख से अधिक परिवार शामिल होने जा रहे हैं। जिले को 3 अरब 33 करोड़ राम नाम लेखन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बालको नगर में पहले चरण में मिली 1650 पत्रिकाओं को संयोजकों के माध्यम से गणमान्य नागरिकों और परिवारों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रत्येक कार्यकर्ता को दस घरों में पत्रिका पहुंचाने तथा उन्हीं घरों से राम खिचड़ी हेतु चावल, दाल और आलू एकत्र करने का दायित्व सौंपा गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघ चालक अशोक तिवारी ने बताया कि संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह विराट अभियान कोरबा जिले द्वारा संचालित किया जा रहा है। नगर, बस्ती, मंडल और खंड स्तर तक इसकी संरचना को अंतिम रूप दिया जा चुका है। परिवार के सदस्यों की संख्या के आधार पर एक, दो या तीन पुस्तकें प्रदान की जाएंगी। यह अभियान 18 दिसंबर गुरु घासीदास जयंती से विधिवत प्रारंभ होकर 24 दिसंबर तक चलेगा। 25 दिसंबर को बस्ती एवं मंडल केंद्रों में पुस्तिकाओं का संग्रहण कर राम नाम महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा और राम खिचड़ी का प्रसाद वितरण होगा। एक सप्ताह में लेखन कार्य पूर्ण करने के बाद सभी पत्रिकाओं को एकत्र कर 14 जनवरी मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर श्रीराम मंदिर अयोध्या की दूसरी वर्षगांठ से पूर्व अयोध्या धाम भेजा जाएगा। शुभारंभ अवसर पर रामकिशोर श्रीवास्तव, संतोष यादव, हितानंद अग्रवाल, रमेश कश्यप, शरद नायर, दिलेंद्र यादव, लोकेश्वर चौहान, अशोक पटेल, राजेश धिवर, सुधीर शर्मा, राकेश सोनकर, जय सिंह, अनु पांडे, प्रिया द्विवेदी, ऋचा श्रीवास्तव, रेनु प्रसाद, हेमलता, परमिता, उमा सिंह, विशु, शालिनी नायर सहित बड़ी संख्या में मातृशक्तियाँ एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

Exit mobile version