DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कारोबारी दीपक टंडन पर 3 नई FIR:जमीन-फॉर्च्यूनर बेचने के नाम पर 56 लाख की ठगी, टेंडर दिलाने 15 लाख ऐंठे, सप्ताह में 5 केस

रायपुर, एजेंसी। रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में ठगी के 2 नए मामले दर्ज हुए हैं। एक मामला सक्ती में भी दर्ज हुआ है। इस तरह दीपक टंडन के खिलाफ एक सप्ताह में कुल 5 FIR हुई है।

रायपुर में इस बार जमीन, रेस्टोरेंट और लग्जरी कार बेचने के नाम पर 56 लाख रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी करने का आरोप है। दोनों शिकायतें शंकर नगर के रहने वाले बीयर कारोबारी आशीष जायसवाल ने तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई हैं।

शिकायत के मुताबिक, एक मामले में 16,500 वर्गफीट जमीन और उस पर संचालित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का सौदा किया गया था। इसके लिए 36 लाख रुपए से ज्यादा लिए गए, लेकिन बाद में पता चला कि जमीन दीपक टंडन के नाम पर नहीं है।

वहीं, दूसरे मामले में 2023 मॉडल की फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपए लेने का आरोप है। भुगतान के बाद भी कारोबारी को न तो कार मिली और न ही रकम वापस की गई।

सक्ती में एक कारोबारी से कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपए की ठगी का आरोप है।

दंपती के खिलाफ ठगी के 2 नए मामले दर्ज हुए हैं। (फाइल फोटो)

दंपती के खिलाफ ठगी के 2 नए मामले दर्ज हुए हैं। (फाइल फोटो)

जमीन और रेस्टोरेंट के सौदे में 36 लाख रुपए दिए

आशीष जायसवाल ने शिकायत में बताया कि दीपक और बरखा टंडन ने उन्हें 16,500 वर्गफीट जमीन और उस पर संचालित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का प्रस्ताव दिया था।

सौदा 1.16 करोड़ रुपए में तय हुआ था। इस पर भरोसा कर उन्होंने ऑनलाइन और कैश मिलाकर कुल 36 लाख 16 रुपए का भुगतान किया।

बाद में आशीष को पता चला कि जिस जमीन को बेचने का सौदा किया गया था, उसका मालिकाना हक दीपक टंडन के पास नहीं है। उन्होंने जब अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोप है कि दंपती ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत में SC-ST एक्ट के तहत झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

दंपती को जमीन और रेस्टोरेंट के सौदे में 36 लाख रुपए दिए थे। (बरखा टंडन की फाइल फोटो)

फॉर्च्यूनर के नाम पर 20 लाख लिए, कार नहीं दी

दूसरी शिकायत में आशीष ने बताया कि 19 अगस्त 2025 को दीपक टंडन ने उन्हें 2023 मॉडल की फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने का प्रस्ताव दिया था। इसकी कीमत 20 लाख रुपए तय हुई थी। भरोसा दिलाने के लिए लक्ष्मी मोटर्स की डिलीवरी रसीद भी दिखाई गई।

आशीष के मुताबिक, उन्होंने 20 लाख रुपए कैश दिए और स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट भी कराया। दीपक ने कार की सर्विसिंग के बाद उसे घर पहुंचाने की बात कही थी।

लेकिन न तो कार दी गई और न ही रकम लौटाई गई। बाद में जांच करने पर पता चला कि कार भी दीपक टंडन के नाम पर नहीं थी।

दंपती के खिलाफ तेलीबांधा थाने में कुल तीन FIR हो चुकी हैं।

सक्ती में सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर ठगी

टंडन पर सक्ती जिले के एक कारोबारी से सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपए की ठगी का आरोप है। सक्ती सिटी कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सक्ती के वार्ड नंबर 6 गुरुद्वारा वार्ड निवासी किशन शर्मा ट्रांसपोर्टिंग और कोयला का कारोबार करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि मार्च 2022 में दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन ने उनसे संपर्क कर कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिलाया था।

आरोपी ने उच्च अधिकारियों से अपनी पहचान और पहुंच होने का हवाला देते हुए टेंडर दिलाने का आश्वासन दिया। उसके झांसे में आकर किशन शर्मा ने चेक के माध्यम से कुल 15 लाख रुपए का भुगतान कर दिया।

गारंटी के तौर पर दिया 4 लाख का चेक

शिकायत के अनुसार, रकम लेने के दौरान आरोपी दीपक टंडन ने गारंटी के तौर पर एचडीएफसी बैंक का 4 लाख रुपए का चेक और एक ब्लैंक चेक दिया था। बाद में जब पीड़ित ने बैंक से चेक और खाते के संबंध में जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि आरोपी का संबंधित बैंक खाता कई साल पहले ही बंद हो चुका था। इसके बाद कारोबारी ने खुद को ठगी का शिकार बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

होटल की संपत्ति पर कब्जे के आरोप में पहले भी FIR

इससे पहले आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज हुई थी।

इसमें VIP रोड स्थित होटल की संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, ताला तोड़ने, सरकारी सील हटाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे।

अब जमीन और कार के सौदे से जुड़े दो नए मामले दर्ज होने के बाद दंपती के खिलाफ तेलीबांधा थाने में कुल तीन FIR हो चुकी हैं। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।

Exit mobile version