पटना, एजेंसी। पटना में शुक्रवार को पुलिस ने 3 अपराधियों का एनकाउंटर कर दिया। पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया, सुबह करीब 4.30 बजे हुई मुठभेड़ में अपराधियों ने पुलिस पर 24 राउंड फायरिंग की। करीब 20 मिनट तक दोनों ओर से गोलीबारी हुई। जवाब में पुलिस की ओर से 18 राउंड गोलियां चलाई गईं।
फायरिंग में राजा शर्मा, बबलू कुमार यादव और जेपी यादव घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले तीनों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, तीनों पेशेवर शूटर थे और सुपारी लेकर मर्डर करते थे।
मुठभेड़ में मनेर थाना के SHO रजनीश कुमार भी जख्मी हुए हैं। उनके हाथ में गोली लगी है। घटना शेरपुर गंगा घाट के पास की है। मौके से एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टे बरामद हुए हैं।
मारे गए आरोपियों के परिजन ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए अस्पताल में करीब 5 घंटे हंगामा किया। लोगों ने पुलिस के साथ हाथापाई की, पथराव किया और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। काफी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए पटना एम्स भेजे हैं। राजद सांसद मीसा भारती ने भी कहा, एक जाति के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

