DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रायपुर में हेरोइन के साथ पकड़े गए 3 युवक:मुक्तिधाम के पास ग्राहक तलाश रहे थे, पुलिस ने दबोचा, कई सफेद पोश रडार पर

रायपुर,एजेंसी। रायपुर पुलिस ने काशीनगर स्थित मुक्तिधाम के पास तीन युवकों को हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी करते पकड़ा है। आरोपियों के पास से 6.30 ग्राम हेरोइन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, नगद बिक्री की रकम और तीन मोबाइल समेत कुल 1.20 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि काशीनगर क्षेत्र में 3 संदिग्ध युवक हेरोइन बेचने के फिराक में ग्राहक तलाश रहे हैं। जिसके बाद आरोपियों को पकड़ने टीम गठित की गई। मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर तीन युवकों को पकड़ा गया।

पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अर्पित लाल मरकाम, मनीष राजपाल और नयन भाटिया (सभी निवासी रायपुर) बताया। तलाशी के दौरान तीनों के पास से हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया।

बता दें कि, पाकिस्तान की ड्रग्स रायपुर में बेचने वाले सिंडिकेट के आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। आरोपियों से ड्रग्स किस-किस ने खरीदा ? इसका पता लगाने के लिए पुलिस अधिकारी अब तकनीकी जांच कर रहे हैं।

कंज्यूमर और सिंडिकेट के संपर्क में रहने वाले लोगों की पहचान करने में आसानी हो, इसलिए पुलिस अधिकारियों ने सिंडिकेट के अकाउंट में पैसे डालने वाले 350 लोगों का अकाउंट फ्रीज कराया है।

पाकिस्तान का हेरोइन रायपुर में बेचने वाले 17 आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।

800 से ज्यादा अकाउंट्स की पहचान

पुलिस को आशंका है कि, जो लोग इन आरोपियों से ड्रग्स खरीदते थे, वे उसे आगे भी बेचते थे। जिन लोगों ने आरोपियों के अकाउंट में बड़ी रकम डाली है। उन सभी को जांच के दायरे में अफसरों ने रखा है।

जांच अधिकारियों का कहना है कि, सिंडिकेट से संपर्क रखने वाले सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी। 800 से ज्यादा लाेगाें के अकाउंट्स की पहचान की गई है। जो लोग जांच के दौरान दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

ड्रग्स बेचने वाले आरोपियों की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।

सिंडिकेट से जुड़े 17 लोगों की हो चुकी गिरफ्तारी

पाकिस्तान की हेरोइन रायपुर में बेचने वाले 17 आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। ये आरोपी कमल विहार इलाके को अड्‌डा बनाकर ड्रग्स बेचने का काम करते थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये आरोपी 8 महीने से हेरोइन बेचने का कारोबार कर रहे थे।

आरोपियों के पास से पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 1 करोड़ का हेरोइन भी बरामद किया था। जांच अधिकारियों का कहना है कि, आरोपियों के सिंडिकेट में कुछ सफेद पोश लोगों के जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। उनके बारे में जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में उनकी भी गिरफ्तारी होगी।

आरोपियों से जब्त हेरोइन, जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपए आंकी गई है।

पाकिस्तान ड्रग्स केस की 4 एजेंसियां कर रही जांच

वर्चुअल नेटवर्क बनाकर पिछले 8 महीने से रायपुर में ड्रग्स सिंडिकेट ऑपरेट कर रहे इस गिरोह के खिलाफ रायपुर पुलिस के साथ-साथ IB, NCB और ATS भी जांच कर रही है। IB के अफसर पुलिस रिमांड पर लाए गए मास्टर माइंड लवजीत सिंह उर्फ बंटी से पूछताछ कर चुके हैं।

लवजीत सिंह से नेटवर्क, सप्लाई और सिंडिकेट से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन जानकारियों के आधार पर जांच एजेंसियां आगे की कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version