चंडीगढ़, एजेंसी। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें 31 नाम हैं। CM भगवंत मान ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की।
2022 के विधानसभा चुनाव में इन 31 सीटों में से 10 पर AAP ने जीत दर्ज की थी। इनमें से सिर्फ 2 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया है। इनमें बल्लुआना से अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर और जगराओं से सरबजीत कौर मानुके शामिल हैं।
पार्टी ने मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, विधायक अनमोल गगन मान, अमित रतन कोटफत्ता, कुंवर विजय प्रताप, लालजीत भुल्लर, रमन अरोड़ा, कुलवंत बाजीगर और चरणजीत सिंह के टिकट काट दिए हैं।
इसके अलावा 2 सांसदों को भी टिकट दिया गया है। संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला से और होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है।
इससे पहले 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी। इसमें CM भगवंत मान समेत सभी मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया था। पार्टी अब तक कुल 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है।

अमित रतन पर हरियाणा में FIR दर्ज हुई थी
बठिंडा ग्रामीण सीट से सीटिंग विधायक अमित रतन कोटफत्ता का टिकट काट दिया है। अमित रतन हरियाणा की IAS अधिकारी अमनीत पी. कुमार के भाई हैं। उनका नाम रोहतक के ASI संदीप लाठर की आत्महत्या के मामले में दर्ज FIR में आया था।
संदीप की पत्नी संतोष की शिकायत पर दर्ज FIR में IAS अमनीत पी. कुमार, उनके भाई अमित रतन और दो अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। उन पर आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए थे।
पंजाबी एक्ट्रेस सोनिया मान को टिकट दी
पंजाबी एक्ट्रेस सोनिया मान को भी पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है। उन्हें अमृतसर जिले की राजा सांसी विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है।
मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का टिकट काटा
कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडि्डयां का लंबी हलके से टिकट काट दिया गया है। उनकी जगह रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, खरड़ विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक अनमोल गगन मान को भी टिकट नहीं दिया गया है।
अकाली दल और भाजपा छोड़कर आए नेताओं को टिकट
AAP की इस सूची में सांसदों के साथ दूसरी पार्टियों से आए नेताओं को भी टिकट दिया गया है। अकाली दल छोड़कर AAP में आए पूर्व विधायक पवन कुमार टीनू को आदमपुर से मैदान में उतारा गया है। सुजानपुर विधानसभा हलके से उम्मीदवार बनाए गए स्वर्ण सलारिया भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी में आए हैं।
2 सांसदों को टिकट मिली
संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से टिकट मिला है।
