बीजापुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 34 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया है। इन पर 84 लाख रुपए का इनाम था। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में 7 महिलाएं और 27 पुरुष शामिल हैं। इनमें डिविजनल कमेटी मेंबर, केरलापाल एरिया कमेटी, PLGA, मिलिशिया के सदस्य और कमांडर शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार सरेंडर करने वाले 34 नक्सलियों में से 5 नक्सलियों पर 8-8 लाख का इनाम था। 3 नक्सलियों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम था। वहीं 10 नक्सलियों पर 2-2 लाख रुपए और 7 नक्सलियों पर 1-1 लाख रुपए का इनाम था। नक्सलियों ने बीजापुर पुलिस अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण किया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर लिखा कि ‘पूना मारगेम’ नीति ने यह सिद्ध किया है कि संवाद, संवेदनशीलता और विकास हिंसा से कहीं अधिक प्रभावी समाधान हैं। यह आत्मसमर्पण केवल हथियार छोड़ने का नहीं, बल्कि भय से मुक्त होकर सम्मानजनक जीवन की ओर लौटने का निर्णय है।
पहले देखिए ये तस्वीरें-
बीजापुर में 84 लाख के इनामी 34 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया है।
5 नक्सलियों पर 8-8 लाख का इनाम था। 3 नक्सलियों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम था।
सरेंडर नक्सलियों को पुलिस प्रशासन की ओर से प्रोत्साहन राशि दी गई।

नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने नक्सलियों से हिंसक रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास योजना नक्सलियों के लिए आकर्षक है। उनके परिवार भी चाहते हैं कि वे सामान्य जीवन जिएं और समाज के साथ कदम से कदम मिलाकर चलें।
