DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

24 घंटे में कोरोना के 391 नए मामले:केरल और गुजरात में सबसे ज्यादा मरीज मिले; 5755 एक्टिव केस, 59 की जान गई

नई दिल्ली,एजेंसी। देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 21 दिन में एक्टिव केसों की संख्या में 62 गुना की बढ़ोतरी हुई है। 16 मई को देशभर में कोविड के 93 एक्टिव केस थे, जिनकी संख्या अब 5755 पहुंच गई है।

केंद्र सरकार के मुताबिक बीते 24 घंटे में 391 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 229 केस केरल और गुजरात में हैं। वहीं, मौत का आंकड़ा बढ़कर 59 पहुंच गया है। 6 जून को 4 और मरीजों की जान चली गई।

कोरोना के नए वैरिएंट्स से जनवरी से 6 जून तक 59 मौतें हो चुकी हैं। इनमें 53 मौतें पिछले 16 दिन में हुई हैं। दिल्ली में 5 जून को पांच महीने के एक बच्चे की कोरोना से मौत हो गई। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 18 मरीजों ने जान गंवाई है।

इस तरह जनवरी से 6 जून तक देश में कोरोना के कुल 11,298 मामले आए हैं। इनमें से 48.54% मरीज रिकवर हो चुके हैं, बाकी का इलाज जारी है। सिर्फ 0.52% मामलों में मरीज की मौत हुई।

ओडिशा में गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल कोविड गाइडलाइन के तहत खोले गए हैं। शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने बताया कि जिन बच्चों को सर्दी, खांसी या बुखार जैसे हल्के लक्षण हैं, उन्हें स्कूल में मास्क पहनना अनिवार्य है। गंभीर लक्षण वाले बच्चों को घर पर आइसोलेट होने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version