रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई है। पहला हादसा मनेंद्रगढ़ जिले के खड़गवां ब्लॉक के शिवपुर का है, जहां 3 ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में इलाज जारी है।
वहीं, सूरजपुर जिले के नमदगीरी गांव में किसान विनय देवांगन (35) खेत में काम कर रहे थे, इसी दौरान वे बिजली की चपेट में आ गए। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश से कई नदी-नाले उफान पर हैं। गरियाबंद जिले के छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात हैं।
खोलापारा नाले के ऊपर से पानी बह रहा है। इस दौरान एक बाइक सवार ने नाले को पार करने की कोशिश की तो वह गिर गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे बहने से बचाया।
जलभराव के कारण आमामोरा, ओढ़, कुकरार और नगरार का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। वहीं, सारंगढ़-बरमकेला में लाट नाले में बही कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का 2 दिन बाद भी पता नहीं चल सका है। दोनों की तलाश जारी है।
बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के असर से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक मौसम बिगड़ा रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस बीच सोमवार दोपहर के वक्त रायपुर में तेज बारिश हुई।

मनेंद्रगढ़ में हुए हादसे में कुंती बाई (35) और 15 वर्षीय मनीष की मौत हो गई। दोनों शिवपुर के रहने वाले थे।
रायपुर, बिलासपुर समेत कई इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में रायपुर और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। प्रदेश में अब तक मानसून की बारिश सामान्य से 21% कम दर्ज की गई है।
तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस भी पेंड्रारोड में रिकॉर्ड हुआ।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
आज (28 जुलाई) रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 24°C रह सकता है।
