जगदलपुर,एजेंसी। दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले की सीमा पर अबूझमाड़ के जंगल में पुलिस-नक्सलियों के बीच शनिवार देर रात मुठभेड़ हुई है, जिसमें DRG जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हो गए। वहीं, जवानों ने एक महिला नक्सली समेत 4 माओवादियों को भी मार गिराया है।
शहीद जवान सन्नू कारम एक आत्मसमर्पित नक्सली थे। कुछ साल पहले ही उन्होंने नक्सलवाद छोड़ दिया था और पुलिस में भर्ती हुए थे, जहां उनकी पोस्टिंग दंतेवाड़ा में हुई थी। सर्चिंग के दौरान जवानों ने मौके से सभी नक्सलियों के शव और AK 47, SLR जैसे हथियार बरामद किए हैं। इसकी पुष्टि बस्तर IG सुंदरराज पी ने की है।
ऑपरेशन पर निकले थे 1 हजार जवान
बताया जा रहा है कि, शनिवार देर रात 4 जिले के 1 हजार जवानों ने नक्सलियों के कोर इलाके को घेर लिया था। दोनों तरफ से रुक-रुककर गोलीबारी हुई। इस ऑपरेशन में दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव और बस्तर जिले की DRG और STF की टीम को भेजा गया था। नक्सलियों की लाश लेकर जवान लौट गए हैं।
CM बोले-अब नक्सलियों का अंतिम समय आ रहा
मुठभेड़ में जवान शहीद और मारे गए नक्सलियों को लेकर CM साय ने कहा कि सुरक्षाबलों के साहस को नमन है। पिछले एक साल से नक्सलवाद के खिलाफ जवान मजबूती के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं। लड़ाई अब भी जारी है। हमारे एक जवान भी शहीद हुए हैं। निश्चित रूप से हम लोगों को सफलता मिलेगी। अब नक्सलियों का अंतिम समय आ रहा है।
