DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में 40-45 वर्षीय व्यक्ति ने लगाई फांसी:पत्नी कैंसर से जूझ रही, मानसिक बीमारी का भी चल रहा था इलाज, पुलिस जांच जारी

कोरबा। कोरबा में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरीपारा में संतोष (40-45) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि संतोष की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका इलाज भी चल रहा था। वहीं, उसकी पत्नी लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मार्च में मेन्टल हॉस्पिटल में कराया गया था भर्ती

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस को पथरीपारा में संतोष की आत्महत्या की सूचना मिली थी। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि संतोष ने फांसी लगाकर जान दी है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीएसपी के अनुसार, संतोष की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। मार्च महीने में उसे सेंदरी स्थित मानसिक चिकित्सालय में भी भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज चल रहा था।

पत्नी के इलाज के खर्च से परिवार आर्थिक परेशानी में

जानकारी के अनुसार, संतोष की पत्नी लंबे समय से कैंसर से पीड़ित है। उसके इलाज पर लगातार खर्च होने के कारण परिवार आर्थिक तंगी से भी गुजर रहा था। पुलिस की जांच में संतोष की मानसिक बीमारी और पारिवारिक परिस्थितियों से जुड़े पहलू सामने आए हैं। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में पारिवारिक परिस्थितियों और आर्थिक स्थिति से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version