DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

प्रीमियर एनर्जीज में 5.3% हिस्सेदारी खुले बाजार में 2,291 करोड़ रुपए में बिकी

नई दिल्ली, एजेंसी। नोमुरा एसेट मैनेजमेंट और कैपिटल ग्रुप जैसे वैश्विक वित्तीय संस्थानों ने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी प्रीमियर एनर्जीज लिमिटेड में प्रवर्तकों से 5.3 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,291 करोड़ रुपए में खुले बाजार लेनदेन के माध्यम से खरीद ली है। इस सौदे में कनाडा स्थित पब्लिक सेक्टर पेंशन इन्वेस्टमेंट बोर्ड, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी और अल मेहवार कमर्शियल इन्वेस्टमेंट्स एलएलसी सहित कई विदेशी निवेशकों ने भाग लिया। 

घरेलू संस्थागत निवेशकों में क्वांट म्यूचुअल फंड, बजाज फिनसर्व म्यूचुअल फंड, बंधन म्यूचुअल फंड, केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड और कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड ने भी इस लेनदेन में भाग लिया। इसके अलावा एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस जैसी बीमा कंपनियों ने भी हिस्सेदारी खरीदी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर थोक सौदों के बारे में उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस सौदे के तहत कुल 2,39,85,197 शेयरों की खरीद-बिक्री हुई, जो प्रीमियर एनर्जीज में कुल 5.29 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। ये शेयर औसतन 955 रुपए प्रति शेयर की दर से खरीदे गए, जिससे सौदे का कुल मूल्य 2,290.59 करोड़ रुपए रहा।

हैदराबाद स्थित कंपनी के चार प्रवर्तकों—सुरेंद्रपाल सिंह सलूजा, मनजीत कौर सलूजा, चरणदीप सिंह सलूजा और जसवीन कौर सलूजा ने इतनी ही हिस्सेदारी बेची। इस लेनदेन के बाद कंपनी में प्रवर्तक हिस्सेदारी घटकर 63.94 प्रतिशत से 58.65 प्रतिशत रह गई। कंपनी ने पिछले महीने कहा था कि जनवरी-मार्च तिमाही में उसे 1,600 मेगावाट क्षमता के सौर सेल एवं सौर मॉड्यूल की आपूर्ति के लिए 2,577 करोड़ रुपए के ऑर्डर मिले हैं, जिनकी आपूर्ति वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28 में की जाएगी।

Exit mobile version