जांजगीर-चांपा,एजेंसी। जांजगीर-चांपा जिले में मोबाइल दुकान में हुई चोरी के 5 आरोपी पकड़ाए है। पुलिस ने घटना के घंटे के अंदर ही मामला सुलझा लिया। इनमें 2 नाबालिग और 3 वयस्क शामिल हैं। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है।
7 जून 2025 की रात करीब 3 बजे चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। डायल 112 की पेट्रोलिंग टीम की सक्रियता के कारण चोर बड़ी चोरी नहीं कर पाए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।
आरोपियों से 18 मोबाइल, ब्लूटूथ, सेल्फी स्टैंड और इयरफोन समेत 7 लाख रुपए का सामान बरामद किया गया है। चोरी में इस्तेमाल की गई एक्टिवा, बाइक, हथौड़ा और पाना सहित 3 लाख रुपए का अन्य सामान भी जब्त किया गया है।

मोबाइल दुकान में चोरी के 3 आरोपी
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर थाना चांपा और साइबर सेल की टीम ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस ने 25 किलोमीटर के दायरे में लगे सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की। तकनीकी जानकारी के आधार पर अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को पकड़ा गया।
तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। दोनों नाबालिग आरोपियों को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।
