DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

हसदेव नदी में डूबे 5 दोस्त…एक की लाश मिली,2 लापता:2 लोग बचाए गए, पिकनिक मनाने आए थे, नहाते समय हादसा, ड्रोन से तलाश जारी

जांजगीर-चांपा/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को हसदेव नदी में 5 दोस्त डूब गए। इनमें एक युवक और एक युवती को बचा लिया गया। रविवार को अंकुर कुशवाहा का शव घटना स्थल से 15-17 किलोमीटर दूर कुदरी बैराज से पहले मिला है। 2 लोग स्वर्णरेखा और आशीष भोई अभी भी लापता हैं।

बताया जा रहा है कि पांचों दोस्त पिकनिक मनाने के लिए नदी किनारे आए थे। नहाते समय तेज बहाव में बह गए। शनिवार शाम अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया था। रविवार सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। साथ ही तलाशी में ड्रोन की मदद भी ली जा रही है। मामला पंतोरा चौकी क्षेत्र के देवरी गांव का है।

रविवार को अंकुर कुशवाहा की लाश कुदरी बैराज से पहले मिली है।

एक युवक (अंकुर कुशवाहा) की लाश घटना स्थल से 15 से 17 किलोमीटर दूर मिली है।

कैसे हुआ हादसा ?

दरअसल, शनिवार को 3 युवक और 2 युवतियां देवरी गांव पिकनिक स्पॉट आए थे। शाम करीब 6 बजे के आसपास पांचों लोग नदी में नहाने के लिए उतरे। इस दौरान हल्का अंधेरा होने की वजह से युवक-युवतियों को गहराई का अंदाजा नहीं हो सका, वह ज्यादा गहराई की ओर चले गए।

इस दौरान युवक-युवती नदी की तेज बहाव में बहने और गहराई में डूबने लगे। नदी किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने जैसे ही डूबते देखा तुरंत छलांग लगाई और बचाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने सिर्फ एक युवती मोनिका सिन्हा और एक युवक लक्ष्मी शंकर को ही बचा पाए, जबकि 2 युवक और एक युवती तेज बहाव में बह गए।

पंतोरा चौकी क्षेत्र के देवरी गांव के पास हसदेव नदी में 5 लोग डूब गए।

एनीकेट के पास देखी गई एक लाश

पंतोरा चौकी प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि रविवार सुबह 6 बजे से जिला बल (DDRF) और SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्वर्णरेखा की लाश सतीगुड़ी एनीकेट के पास देखी गई थी, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण लाश आगे बह गई।

पंतोरा चौकी प्रभारी ने बताया कि कुदारी बैराज के पास स्थानीय गोताखोरों को तैनात किया गया है। 2-3 दिनों से हो रही बारिश से हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कुदारी बैराज के भी 3 गेट खुले हुए हैं। नदी किनारे गांवों के सरपंचों को भी जानकारी दी गई है।

हसदेव नदी में 5 लोग डूब गए। इनमें एक युवक और एक युवती को बचाया गया है।

ड्रोन कैमरे की मदद से तलाश की जा रही

वहीं ASP उमेश कश्यप ने बताया कि शनिवार को स्वर्णरेखा की कार से सभी देवरी गांव के पिकनिक स्पॉट हसदेव नदी के पास पहुंचे थे। स्वर्णरेखा, अंकुर कुशवाहा, आशीष भोई ये बिसलपुर में PSC की कोचिंग कर रहे थे। साथ ही मोनिका सिन्हा भी तैयारी कर रही है।

इसके अलावा लक्ष्मी शंकर जांजगीर-चांपा जिले के अर्जुनी गांव में रेस्टोरेंट चलाता है। बिलासपुर से SDRF की टीम को बुलाई गई है। ड्रोन कैमरे की मदद से तलाश की जा रही है। अंकुर कुशवाहा की डेडबॉडी मिल गई है, जबकि स्वर्णरेखा और आशीष भोई की तलाश की जा रही है।

पिकनिक मनाने के लिए हसदेव नदी किनारे आए युवक और युवती की तस्वीर। (फाइल फोटो)

Exit mobile version