कोरबा। कोरबा में आबकारी विभाग ने जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से 53.6 लीटर महुआ शराब और 300 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
विभाग की कार्रवाई के बावजूद जिले के कई गांवों में अवैध महुआ शराब की बिक्री जारी रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे परेशान ग्रामीण शराब बिक्री बंद कराने की मांग लेकर कलेक्ट्रेट भी पहुंच रहे हैं।

बुंदेली में 7 लीटर शराब और 30 किलो लाहन जब्त
पहली कार्रवाई बालको थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में की गई। यहां बोधराम श्रीवास (40), पिता घसिया श्रीवास के कब्जे से 7 लीटर महुआ शराब और 30 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया। कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक सुनील कुमार रात्रे के नेतृत्व में हुई। टीम में अनुजा बेक, संजय गुप्ता, भावेश साहू और कृष्णा कुमार राजवाड़े शामिल रहे।
दीपका क्षेत्र में दो प्रकरण दर्ज
दूसरी कार्रवाई दीपका वृत्त में आबकारी उपनिरीक्षक दीपमाला लक्षवानी ने की। यहां दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। बड़े बांका, थाना कटघोरा निवासी जगेश्वर मरकाम (38), पिता सुजान सिंह के पास से 6.2 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। वहीं, डबरीपारा रजकम्मा निवासी अजीत टेकाम (23), पिता फूल सिंह के कब्जे से 11.2 लीटर महुआ शराब और 30 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया।
तिलकेजा और भालूभटरा में भी कार्रवाई
तीसरी कार्रवाई उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकेजा में हुई। यहां अन्नपूर्णा जायसवाल (35), पति राजकुमार के कब्जे से 11 लीटर महुआ शराब और 180 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया। कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक विपिन कुमार पाठक ने की।
चौथी कार्रवाई कटघोरा थाना क्षेत्र के भालूभटरा में की गई। यहां शांति बाई, पति पताइत राम के पास से 18.2 लीटर महुआ शराब और 60 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया। कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक डॉ. सुकांत पांडेय ने की।
कार्रवाई के बाद भी अवैध बिक्री की शिकायतें
आबकारी विभाग की ओर से अवैध महुआ शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कुछ दिन पहले भी दीपका क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के मामले में कार्रवाई कर आरोपियों को जेल भेजा गया था। इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार सक्रिय होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि पकड़े जाने से बचने के लिए कुछ लोग गांवों के आसपास तालाबों और नदी किनारे अवैध शराब की भट्टियां संचालित करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई गांवों में खुलेआम शराब की बिक्री से परेशानी हो रही है। इसे बंद कराने की मांग को लेकर ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंच रहे हैं।
