DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

भारतीय जीवन बीमा निगम की 58वीं मध्य क्षेत्रीय टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता- 04 से 05 जुलाई 2026

भारतीय जीवन बीमा निगम  की “58वीं मध्य क्षेत्रीय टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता” – दोनों प्रदेशो से जुटेंगे धुरंधर खिलाड़ी 
रायपुर| भारतीय जीवन बीमा निगम, रायपुर मंडल द्वारा “58वीं मध्य क्षेत्रीय टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता” का आयोजन दिनांक 04  से 05 जुलाई 2026 तक सप्रे शाला टेबल टेनिस हाल एवं बैडमिंटन हाल, रायपुर में किया जा रहा है |  उक्त प्रतियोगिता के सम्बन्ध में भारतीय जीवन बीमा निगम, मंडल खेल समन्वयन समिति, रायपुर के सचिव एवं आयोजन सचिव श्रीमती संध्या राज ने जानकारी दी कि सम्पूर्ण मध्य क्षेत्र (म.प्र. एवं छ.ग.)  के 08 मंडल कार्यालय – रायपुर, बिलासपुर, भोपाल, शहडोल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर एवं सतना के महिला एवं पुरुष विजेता खिलाड़ी भाग लेंगे जिसमें कुल 26 खिलाड़ी शिरकत करेंगे |

प्रतियोगिता का उदघाटन 04 जुलाई को प्रात: 10.00 बजे मुख्य अतिथि भारतीय जीवन बीमा निगम, मध्य क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के माननीय प्रादेशिक प्रबंधक (पेंशन एवं समूह बीमा) एम.सी. कौशिक करेंगे एवं विशिष्ट अतिथि प्रादेशिक प्रबंधक  (एच.आर.डी.) एम. कविराज होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक संजीव कुमार मालवी द्वारा किया जायेगा। इस अवसर पर विशेष रूप से रायपुर मंडल के विपणन प्रबंधक रविन्द्र कुमार पटेल, सेन्ट्रल जोन इंश्योरेंस एम्प्लाइज एसोसिएशन के सहसचिव व्ही .एस. बघेल, सेन्ट्रल जोन प्रथम श्रेणी अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष एच.के. गड़पाल, प्रतियोगिता के संयोजक प्रबंधक (कार्मिक) अमित कुमार श्रीवास्तव एवं संजय कुमार साहा, स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड,सदस्य रायपुर के शशांक शेखर शर्मा, रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाईज यूनियन के अध्यक्ष राजेश पराते एवं महासचिव गजेंद्र पटेल, रायपुर डिवीजन प्रथम श्रेणी अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष धनंजय पांडे एवं सचिव आशीष शर्मा उपस्थित रहेंगे। औपचारिक उदघाटन समारोह के तुरंत पश्चात मैच आरम्भ कर दिए जायेंगे। इस 2 दिवसीय प्रतियोगिता की सफलता हेतु रायपुर मंडल द्वारा उत्साहपूर्वक तैयारियाँ की जा रही है। अतिथि प्रतिभागियों के आवास, यातायात, चिकित्सा व भोजन आदि सभी तैयारिया पूर्ण कर ली गई है । प्रतियोगिता स्थल में भी सारी तैयारिया सम्पन्न हो चुकी है । खिलाडियों के सम्मान में 05 जुलाई को रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखा गया है ।  उक्त प्रतियोगिता में रायपुर मंडल से टेबल टेनिस में पुरुष वर्ग में अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कई बार के पूर्व अखिल भारतीय जीवन बीमा निगम विजेता विनय बैसवाड़े  (सीधी पात्रता प्राप्त), केशव खंडेलवाल (मंडल विजेता) एवं महिला वर्ग में कु. साक्षी धनविजय (मंडल विजेता) तथा बैडमिंटन में पुरुष वर्ग में जुग्गल संजीव पटेल (मंडल विजेता) एवं महिला वर्ग में कु. जिशा टिग्गा (मंडल विजेता) रायपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।              प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक बैडमिंटन में रायपुर जिला टेबल टेनिस संघ सचिव अनुराग दीक्षित तथा टेबल टेनिस में अंतर्राष्ट्रीय अंपायर प्रवीण निरापुरे होंगे। इस प्रतियोगिता के आधार पर प्रथम चार स्थान प्राप्त सर्वश्रेष्ठ महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा जो मध्य क्षेत्र की टेबल टेनिस टीम एवं बैडमिंटन टीम का प्रतिनिधित्व भारतीय जीवन बीमा निगम की “अखिल भारतीय टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता” में करेंगें |  इस प्रतियोगिता को टेबल टेनिस संघ एवं बैडमिंटन संघ का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है ।  प्रतियोगिता के मैचो में राजधानी के खेल प्रेमी नागरिक भी दर्शक के रूप में उपस्थित रहकर आनंद उठा सकते है ।  उपरोक्त जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से भारतीय जीवन बीमा निगम, मंडल खेल समन्वयन समिति, रायपुर रायपुर के सचिव एवं आयोजन सचिव श्रीमती संध्या राज ने दी |

Exit mobile version